साइबर ठगी का बड़ा मामला, गेमिंग में युवक ने गंवाई करोड़ों की रकम
देहरादून। हरिद्वार जिले के झबरेड़ा निवासी 18 वर्षीय युवक ऑनलाइन गेमिंग के लालच में साइबर ठगों के जाल में फंस गया और करीब 1 करोड़ 77 लाख रुपये गंवा बैठा। युवक ने जनवरी 2025 से दिसंबर 2025 के बीच अपने और पिता के पांच बैंक खातों से UPI के जरिए रकम ट्रांसफर कर दी।
दरअसल, साइबर ठगों ने शुरुआत में युवक को गेम में छोटी-छोटी जीत दिलाकर भरोसा दिलाया। इसके बाद उसे स्पोर्ट्स बेटिंग और ऑनलाइन गेमिंग ऐप्स के जरिए बड़े मुनाफे का लालच दिया गया। युवक लगातार हार-जीत के खेल में फंसता गया और अंततः पूरी रकम गंवा बैठा।
जांच में सामने आया कि ठगी के लिए नाइजीरिया और श्रीलंका के व्हाट्सएप नंबरों का इस्तेमाल किया गया था। जब युवक ने पैसे वापस मांगे तो ठगों ने संपर्क तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक, युवक के पिता की जमीन दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के लिए अधिग्रहित हुई थी, जिसका मुआवजा उनके बैंक खाते में आया था। युवक खुद ही पिता के बैंक खातों का संचालन करता था और उसी पैसे को गेमिंग में लगा दिया।
मामले में साइबर पुलिस स्टेशन में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक या भारी मुनाफे के लालच में पैसे ट्रांसफर करने से बचें।



