लोकसभा में विपक्ष की रणनीति के बीच BJP ने कसा शिकंजा, सांसदों को जारी किया व्हिप
नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने लोकसभा में अपने सभी सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। पार्टी ने निर्देश दिया है कि 9 और 10 मार्च को सदन की कार्यवाही के दौरान सभी सांसद पूरे दिन संसद में मौजूद रहें, क्योंकि इन दिनों कुछ अहम विधायी कार्य होने की संभावना है।
बताया जा रहा है कि इन दोनों दिनों में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पद से हटाने के लिए विपक्ष द्वारा लाए गए प्रस्ताव पर चर्चा हो सकती है। इसी को देखते हुए पार्टी ने अपने सांसदों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए व्हिप जारी किया है।
इससे पहले संसदीय कार्य मंत्री किरन रिजिजू ने भी संकेत दिया था कि बजट सत्र के दूसरे चरण में सरकार एक महत्वपूर्ण (क्रिटिकल) विधेयक पेश कर सकती है। ऐसे में सदन में संख्याबल बनाए रखने के लिए पार्टी ने अपने सांसदों को मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि 10 फरवरी को विपक्षी दलों ने संविधान के अनुच्छेद 94 (सी) और लोकसभा के नियम 94C के तहत लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया था।
हालांकि लोकसभा में सत्तापक्ष के बहुमत को देखते हुए इस प्रस्ताव के पारित होने की संभावना कम मानी जा रही है, लेकिन इस मुद्दे पर संसद में राजनीतिक बहस तेज होने के आसार हैं।



