महंगाई का बड़ा झटका: घरेलू गैस सिलेंडर 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 115 रुपये महंगा
नई दिल्ली। आम जनता को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। रसोई गैस और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है, जिससे आम आदमी की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है।
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और वैश्विक परिस्थितियों के बीच एलपीजी सिलेंडरों के दामों में इजाफा किया गया है। इसके तहत 14.2 किलोग्राम के घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की वृद्धि की गई है, जबकि 19 किलोग्राम के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 115 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
नई दरों के अनुसार दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये हो गई है। वहीं मुंबई में यह 852.50 रुपये से बढ़कर 912.50 रुपये हो गई है।
कोलकाता में घरेलू सिलेंडर 879 रुपये से बढ़कर 939 रुपये और चेन्नई में 868.50 रुपये से बढ़कर 928.50 रुपये हो गया है।
कमर्शियल सिलेंडर की बात करें तो दिल्ली में 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर 1768.50 रुपये से बढ़कर 1883 रुपये हो गया है। मुंबई में इसकी कीमत 1720.50 रुपये से बढ़कर 1835 रुपये हो गई है।
वहीं कोलकाता में यह 1875.50 रुपये से बढ़कर 1990 रुपये और चेन्नई में 1929 रुपये से बढ़कर 2043.50 रुपये हो गया है।
तेल कंपनियों द्वारा जारी नई दरें 7 मार्च 2026 से तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। कीमतों में इस बढ़ोतरी से जहां घरेलू उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ बढ़ेगा, वहीं होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों की लागत भी बढ़ने की संभावना है।



