निवेश का झांसा देकर 1.17 करोड़ की ठगी, अंबाला से साइबर आरोपी गिरफ्तार
देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ ने निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।
आरोपी को बी वारंट के तहत हरियाणा के अंबाला से लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
मामला अप्रैल 2025 का है, जब पीड़ित ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक आरोपी ने खुद को एक कंपनी का वित्तीय सलाहकार और,
विश्लेषक बताकर व्हाट्सएप के जरिए संपर्क किया। इसके बाद पीड़ित को एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर लिंक के माध्यम से एक एप डाउनलोड कराया गया।
आरोपी ने स्टॉक मार्केट ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर अलग-अलग बैंक खातों में निवेश के नाम पर कुल 1 करोड़ 17 लाख रुपये जमा करा लिए।
पीड़ित को फर्जी ट्रेडिंग डैशबोर्ड दिखाकर भरोसा दिलाया गया। जब पीड़ित ने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो साइबर ठगों ने 72 लाख रुपये कमीशन की मांग कर दी। तब जाकर उसे ठगी का एहसास हुआ।
जांच के दौरान साइबर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बैंक खातों, रजिस्टर्ड मोबाइल नंबरों और व्हाट्सएप डिटेल्स की जानकारी संबंधित बैंकों व सर्विस प्रदाताओं से जुटाई।
डाटा विश्लेषण के बाद आरोपी बलजीत सिंह निवासी अंबाला, हरियाणा की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि आरोपी के बैंक खातों में महज 1-2 महीने में लाखों रुपये का लेन-देन हुआ है।
साथ ही देश के कई राज्यों में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज होने की जानकारी भी मिली है। अन्य राज्यों की पुलिस से संपर्क कर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।



