NMIMS कॉलेज में वैलेंटाइन डे कार्यक्रम पर हंगामा, कैंपस में तोड़फोड़
इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर के गांधी नगर क्षेत्र स्थित Narsee Monjee Institute of Management Studies (NMIMS) कॉलेज में वैलेंटाइन डे के आयोजन के दौरान गुरुवार को हंगामा हो गया।
कार्यक्रम के बीच हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता कैंपस में पहुंच गए और विरोध जताते हुए नारेबाजी की। इस दौरान कॉलेज परिसर में तोड़फोड़ की घटना भी सामने आई। सूचना मिलते ही Madhya Pradesh Police मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
‘अश्लील कार्यक्रम’ का आरोप, बंद कराने की मांग
हिंदूवादी संगठन और Bajrang Dal से जुड़े कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कॉलेज में ‘बेक सेल’ नाम से आयोजित कार्यक्रम के दौरान वैलेंटाइन डे के नाम पर अश्लीलता हो रही थी। बजरंग दल के कार्यकर्ता तन्नू शर्मा ने कहा कि कार्यक्रम भारतीय संस्कृति के खिलाफ था, इसलिए इसे बंद कराने के लिए संगठन के लोग मौके पर पहुंचे।
लाठी-डंडों के साथ पहुंचे कार्यकर्ता
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ कार्यकर्ता प्लास्टिक के डंडे और लाठियां लेकर कॉलेज परिसर में दाखिल हुए। विरोध के दौरान नारेबाजी की गई और विवाद बढ़ने पर कैंपस में तोड़फोड़ की घटना हुई। पुलिस के पहुंचने के बाद कार्यक्रम को बंद करा दिया गया।
पुलिस को नहीं थी पूर्व सूचना
मामले में डीसीपी कृष्णलाल चंदानी ने बताया कि कार्यक्रम की पूर्व सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही गांधी नगर और एरोड्रम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पहले छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, इसके बाद प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी गई।
CCTV फुटेज के आधार पर कार्रवाई
पुलिस अब कॉलेज के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही कार्यक्रम आयोजन को लेकर भी कॉलेज प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। घटना के बाद कैंपस में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।



