सवारियों से भरी पिकअप खाई में गिरी, तीन महिलाओं की मौत, पांच घायल
देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून जनपद अंतर्गत विकासनगर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। बैराटखाई–गागंरोऊ मोटर मार्ग पर वायाधार के पास सवारियों से भरी बोलेरो पिकअप वाहन के गहरी खाई में गिरने से तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बोलेरो पिकअप गागंरोऊ गांव से विकासनगर की ओर जा रही थी। वाहन में चालक समेत करीब आठ लोग सवार थे। रास्ते में वायाधार के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिससे पिकअप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में लूसो देवी (65 वर्ष) पत्नी नंदूदास, निवासी गागंरोऊ की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल गीता देवी (35 वर्ष) पत्नी प्रकाश खन्ना, निवासी खुसियो ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया, जबकि धनो देवी पत्नी संतू दास, निवासी चिट्टाड की मौत हायर सेंटर रेफर किए जाने के दौरान हुई। तीनों महिलाएं कालसी क्षेत्र की रहने वाली थीं।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम, पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए विकासनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कालसी के नायब तहसीलदार रविंद्र असवाल ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि घायलों का उपचार जारी है और घटना की जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।



