घोटाले पर चार्जशीट, पालिका में छापा, फायरिंग कांड का खुलासा, छेड़छाड़ समेत कई बड़ी खबरें, पढ़ें….
देहरादून। उत्तराखंड में सोमवार को भ्रष्टाचार, प्रशासनिक अनियमितताओं और अपराध से जुड़े कई मामलों में बड़ी कार्रवाई देखने को मिली। आईटीआई भवन निर्माण से जुड़े करीब 130 करोड़ रुपये के कथित घोटाले में तीन सेवानिवृत्त अधिकारियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई।
वहीं रामनगर नगर पालिका में कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत के औचक निरीक्षण में रिकॉर्ड संबंधी गंभीर खामियां सामने आईं।
हरिद्वार में महिला कांस्टेबल से छेड़छाड़ के आरोप में एक होमगार्ड जवान के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ, जबकि रुद्रपुर फायरिंग कांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
दूसरी ओर देहरादून की पॉक्सो अदालत ने नाबालिग से यौन अपराध के मामले में आरोपी को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई है।
आईटीआई भवन निर्माण घोटाले में एसआईटी ने जांच पूरी कर यूपी राजकीय निर्माण निगम के तत्कालीन परियोजना प्रबंधक शिव आसरे शर्मा, प्रदीप कुमार शर्मा और सहायक लेखाधिकारी स्तर-2 वीरेंद्र कुमार रवि के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है।
जांच में सामने आया कि जिन स्थानों पर आईटीआई भवनों के लिए धनराशि जारी की गई थी, वहां भूमि उपलब्ध न होने के बावजूद रकम अन्य कार्यों में खर्च कर दी गई और उसका हिसाब नहीं दिया गया।
रामनगर में कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत के औचक निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के स्टोर में खरीदी गई सामग्री के वितरण का पूरा रिकॉर्ड नहीं मिला।
पशु बाजार और स्लॉटर हाउस की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठे। कमिश्नर ने ईओ का वेतन रोकने, संबंधित कर्मचारियों की जांच कराने और आवश्यक मामलों में मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
हरिद्वार में रोशनाबाद स्थित पुलिस कार्यालय में तैनात महिला कांस्टेबल की शिकायत पर एक होमगार्ड जवान के खिलाफ छेड़छाड़, पीछा करने और व्हाट्सएप पर परेशान करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उधर रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में हुई फायरिंग और वाहनों में तोड़फोड़ की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, दो तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने लोगों में दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की थी।
वहीं देहरादून की पॉक्सो अदालत ने 13 वर्षीय बच्ची से यौन अपराध के मामले में आरोपी आकाश उर्फ सोनी को दोषी करार देते हुए तीन साल के कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई है।
अदालत ने पीड़िता को 50 हजार रुपये प्रतिकर देने के भी निर्देश दिए हैं। प्रदेश में एक ही दिन में सामने आए इन मामलों ने भ्रष्टाचार, प्रशासनिक जवाबदेही, महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को फिर चर्चा में ला दिया है।


