बिग ब्रेकिंग: अंकिता भंडारी हत्याकांड में VIP एंगल की CBI जांच शुरू, दिल्ली में अज्ञात VIP के खिलाफ FIR

अंकिता भंडारी हत्याकांड में VIP एंगल की CBI जांच शुरू, दिल्ली में अज्ञात VIP के खिलाफ FIR

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में जांच का दायरा अब औपचारिक रूप से और व्यापक हो गया है। कथित वायरल ऑडियो को लेकर उपजे राजनीतिक-सामाजिक विवाद के बीच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अज्ञात VIP के खिलाफ दिल्ली में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

इसके साथ ही लंबे समय से चर्चा में रहे VIP एंगल की आधिकारिक जांच शुरू हो गई है। FIR दर्ज होने के तुरंत बाद CBI की स्पेशल क्राइम ब्रांच (शाखा–2) की एक टीम सोमवार को उत्तराखंड पहुंची।

सूत्रों के मुताबिक टीम स्थानीय पुलिस और SIT द्वारा अब तक जुटाए गए दस्तावेजों, सबूतों और गवाहों के बयानों की समीक्षा करेगी। इसके साथ ही पहले दर्ज बयानों और डिजिटल साक्ष्यों की नए सिरे से जांच की जाएगी।

वायरल ऑडियो से फिर गरमाया मामला

पूर्व विधायक सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर से जुड़े कथित वायरल ऑडियो सामने आने के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया था। ऑडियो में उठाए गए सवालों के चलते हत्याकांड में कथित VIP की भूमिका को लेकर नई बहस शुरू हुई, जिसके बाद CBI जांच की मांग तेज हो गई।

सोशल मीडिया वीडियो से बढ़ा राजनीतिक दबाव

विवाद उस समय और गहरा गया जब भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर की कथित पत्नी उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया।

वीडियो में उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक कथित VIP का उल्लेख करते हुए दावा किया कि एक पूर्व जिला पंचायत सदस्य के पास मामले से जुड़ी अहम जानकारी है।इसके बाद विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों ने राज्यभर में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिए।

मुख्यमंत्री की संस्तुति के बाद CBI की एंट्री

राज्य में बढ़ते दबाव के बीच 9 जनवरी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंकिता भंडारी हत्याकांड की CBI जांच की संस्तुति की थी। केंद्र सरकार से मंजूरी मिलने के बाद अब CBI ने औपचारिक रूप से केस अपने हाथ में ले लिया है।