DBUU में IMA कमांडेंट का आधिकारिक दौरा, विद्यार्थियों को नेतृत्व के सिखाए गुर

DBUU में IMA कमांडेंट का आधिकारिक दौरा, विद्यार्थियों को नेतृत्व के सिखाए गुर

देहरादून। भारतीय सैन्य अकादमी (IMA), देहरादून के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल नगेंद्र सिंह (एवीएसएम, वाईएसएम, एसएम) ने देवभूमि उत्तराखंड विश्वविद्यालय का आधिकारिक दौरा किया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय में आयोजित अतिथि व्याख्यान कार्यक्रम में उन्होंने सहभागिता की और विद्यार्थियों को नेतृत्व के मूल्यों से अवगत कराया।

दौरे के दौरान लेफ्टिनेंट जनरल नगेंद्र सिंह ने देवभूमि उत्तराखंड विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष श्री अमन बंसल एवं विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों से भेंट की। इस दौरान शिक्षा की भूमिका, नेतृत्व विकास तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

इसके पश्चात उन्होंने विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड कॉमर्स के विद्यार्थियों को ‘नेतृत्व’ विषय पर संबोधित किया।

अपने व्याख्यान में लेफ्टिनेंट जनरल नगेंद्र सिंह ने प्रभावी नेतृत्व के मूल सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए अनुशासन, नैतिक मूल्यों, सशक्त निर्णय क्षमता, उत्तरदायित्व और सेवा भावना को नेतृत्व की आधारशिला बताया।

उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहने, कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ निर्णय लेने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष श्री अमन बंसल ने कहा कि इस प्रकार के प्रेरणादायक व्याख्यान विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने लेफ्टिनेंट जनरल नगेंद्र सिंह का विश्वविद्यालय आगमन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को जीवन एवं करियर में सकारात्मक दिशा मिलेगी।

कार्यक्रम के समापन पर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से लेफ्टिनेंट जनरल नगेंद्र सिंह के गरिमामय आगमन और प्रेरणादायक व्याख्यान के लिए हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया गया।