क्राइम अपडेट: हत्या, ब्लैकमेल, तीन तलाक और केदारनाथ हादसा समेत एक क्लिक में पढ़ें 7 बड़ी खबरें….

हत्या, ब्लैकमेल, तीन तलाक और केदारनाथ हादसा समेत एक क्लिक में पढ़ें 7 बड़ी खबरें….

देहरादून। उत्तराखंड में रविवार को अपराध, आपदा, प्रशासनिक कार्रवाई और पर्यटन से जुड़ी कई बड़ी घटनाएं सुर्खियों में रहीं।

देहरादून में युवक की मौत के मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी से लेकर काशीपुर में आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी, केदारनाथ पैदल मार्ग पर पत्थर गिरने से बुजुर्ग की मौत, वनभूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और मसूरी में पर्यटकों के भारी दबाव के चलते लगे जाम तक कई घटनाओं ने लोगों का ध्यान खींचा।

देहरादून के रायपुर क्षेत्र में युवक जानिसार खान की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों विकास साहनी उर्फ विक्कू और सोनू साहनी को गिरफ्तार किया है।

परिजनों ने आरोप लगाया था कि 7 सितंबर को दोनों आरोपियों और उनके साथियों ने जानिसार के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ती गई और 13 सितंबर को वह कमरे में मृत मिला। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को लाडपुर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया।

उधर काशीपुर में आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और लाखों रुपये वसूलने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी राजेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी और उसके साथियों ने पीड़ित को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर उसका वीडियो बनाया और वायरल करने की धमकी देकर रकम वसूली। आरोपी के कब्जे से एक लाख रुपये नकद और एक कार बरामद की गई है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

राजधानी देहरादून में ही एक महिला ने पति पर तीन तलाक देने, मारपीट करने और दोबारा साथ रखने के लिए कथित तौर पर हलाला का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पटेलनगर पुलिस ने महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति फरमान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वन भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ देहरादून वन प्रभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झाझरा रेंज के कंडोली क्षेत्र में 1,015 वर्गमीटर आरक्षित वनभूमि को कब्जामुक्त कराया। विभाग के अनुसार वर्ष 2006-07 से यहां अवैध निर्माण किया गया था।

हाईकोर्ट से विभाग के पक्ष में फैसला आने के बाद निर्माण ध्वस्त कर भूमि को पुनः वन विभाग के कब्जे में लिया गया।

रुद्रप्रयाग जिले में लगातार बारिश के बीच केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा हेलीपैड के पास पहाड़ी से पत्थर गिरने की घटना में 65 वर्षीय मदन मोहन तिवारी की मौत हो गई।

घटना के बाद प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए सोनप्रयाग और गौरीकुंड में आवाजाही को नियंत्रित किया है। मार्ग से मलबा हटाने का कार्य जारी है।

वहीं वीकेंड पर मसूरी पर्यटकों से गुलजार रही, लेकिन देहरादून-मसूरी मार्ग पर पानी वाले बैंड के पास क्षतिग्रस्त और संकरी सड़क के कारण कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

पर्यटकों को घंटों तक जाम में फंसे रहने के बाद मसूरी पहुंचना पड़ा। स्थानीय लोगों और कारोबारियों ने सड़क की मरम्मत और बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन की मांग उठाई है।

हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई, जहां एक नवजात शिशु सड़क किनारे लावारिस हालत में मिला। स्थानीय महिला कविता ने बच्चे को उठाकर उसकी जान बचाई और पुलिस व चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचना दी।

बच्चे का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और वह सुरक्षित बताया जा रहा है। पुलिस नवजात के माता-पिता की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

इधर परिवहन विभाग ने देहरादून और हरिद्वार में विशेष अभियान चलाकर नियम तोड़ने वाले 180 वाहनों के चालान किए और 12 वाहनों को सीज किया। कार्रवाई में बिना टैक्स, ओवरलोडिंग, बिना परमिट, बिना फिटनेस और बिना इंश्योरेंस के चल रहे वाहनों पर सख्ती दिखाई गई।