अपराध: हरिद्वार में युवतियों से अश्लील हरकत, रामनगर कोर्ट में आरोपी के ड्रामे से मचा हड़कंप

हरिद्वार में युवतियों से अश्लील हरकत, रामनगर कोर्ट में आरोपी के ड्रामे से मचा हड़कंप

देहरादून। उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। हरिद्वार में जहां इवनिंग वॉक पर निकली युवतियों के सामने एक अधेड़ शख्स की घिनौनी हरकत सामने आई, वहीं नैनीताल जिले के रामनगर कोर्ट परिसर में हत्या के आरोपी द्वारा कथित रूप से जहर निगलने की सूचना से अफरा-तफरी मच गई।

हरिद्वार। शंकराचार्य चौक के पास नहर पटरी पर बीते रविवार शाम स्कूटी सवार एक अधेड़ व्यक्ति ने इवनिंग वॉक पर निकली युवतियों और महिलाओं का पीछा किया और सरेराह अश्लील हरकतें कीं।

एक युवती ने साहस दिखाते हुए आरोपी की हरकत को मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। आरोपी की स्कूटी पर नंबर प्लेट नहीं थी। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है।

एसपी सिटी हरिद्वार अभय सिंह के मुताबिक, वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। फिलहाल पीड़िता की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

रामनगर। इधर, नैनीताल जिले के रामनगर न्यायालय परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब हत्या के मामले में पेशी पर आए 25 वर्षीय आरोपी द्वारा कथित तौर पर जहरीला पदार्थ निगलने की सूचना सामने आई। पुलिस ने तत्काल उसे राजकीय संयुक्त अस्पताल रामनगर में भर्ती कराया।

रामनगर के सीओ सुमित पांडे ने बताया कि चिकित्सकीय जांच में किसी भी प्रकार के जहरीले पदार्थ के सेवन की पुष्टि नहीं हुई है। आरोपी ने भी जहर खाने की बात से इनकार किया है। हालांकि, एहतियातन उसे सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ रामनगर और कालाढूंगी क्षेत्र में करीब 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने पुलिस और न्यायालय पर दबाव बनाने के उद्देश्य से ऐसा कदम उठाने की कोशिश की हो।

अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसके खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दोनों घटनाओं ने राज्य में सार्वजनिक सुरक्षा, महिला सुरक्षा और अदालत परिसरों की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।