ज्वेलरी शोरूम में बड़ी चोरी, स्मार्ट पुलिसिंग पर उठे सवाल
हल्द्वानी। शहर में चोरों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। मुखानी थाना क्षेत्र के कुसुमखेड़ा स्थित राधिका ज्वेलर्स में देर रात अज्ञात चोरों ने सुनियोजित तरीके से बड़ी चोरी को अंजाम दिया।
चोर दुकान के पीछे बने रास्ते से अंदर घुसे और सोने-चांदी के कीमती जेवरात समेटकर फरार हो गए। पास में चल रहे निर्माण कार्य का फायदा उठाकर उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।
सुबह दुकान स्वामी के पहुंचने पर शटर खुला मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची मुखानी थाना पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ जांच शुरू की और अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों में रोष है। उन्होंने रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है, लेकिन घटना ने स्मार्ट पुलिसिंग और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



