NCRB रिपोर्ट ने खोली कानून व्यवस्था की पोल।अवैध असलहा रखने में उत्तराखंड नंबर-1 हिमालयी राज्य
देहरादून। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (NCRB) की साल 2023 की रिपोर्ट ने उत्तराखंड की कानून व्यवस्था को लेकर चौंकाने वाला खुलासा किया है। रिपोर्ट के अनुसार, अवैध असलहा रखने के मामलों में उत्तराखंड हिमालयी राज्यों में पहले स्थान पर और देशभर में सातवें स्थान पर है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि प्रदेश में 1767 लोगों पर अवैध असलहा रखने के मुकदमे दर्ज किए गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1184 अवैध और चार वैध असलहे बरामद किए। NCRB के अनुसार, राज्य में अवैध हथियारों का इस्तेमाल मुख्यतः हत्या और जानलेवा हमलों जैसी वारदातों में हुआ।
उधम सिंह नगर और हरिद्वार जैसे जिलों में छोटी-छोटी बातों पर गोलीबारी की घटनाएं आम हो चुकी हैं। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर असलहों को दिखाना या वायरल करना अब “शौक का प्रतीक” बन गया है, जिससे आपराधिक प्रवृत्तियों को बढ़ावा मिल रहा है।
पुलिस महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) नीलेश भरणे ने कहा कि प्रदेश में गुंडागर्दी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध असलहा रखने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है और हर जिले में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
राज्यवार अवैध असलहा के आंकड़े (NCRB-2023)

राज्य में बढ़ते हिंसक अपराध
एनसीआरबी रिपोर्ट के अनुसार, उत्तराखंड में हत्या, लूट, और अपहरण जैसे हिंसक अपराधों में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है।
- 2021: 3162 मामले
- 2022: 3923 मामले
- 2023: 3570 मामले
हालांकि पुलिस ने 2023 में केवल 58% मामलों में ही चार्जशीट दाखिल की है, जबकि बाकी मामले अभी लंबित हैं।
अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़
नवंबर 2024 में पुलिस ने उधम सिंह नगर के गदरपुर क्षेत्र में अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में हथियार और उपकरण बरामद किए।
- 4 तमंचे (315 बोर)
- 3 तमंचे (12 बोर)
- 1 देसी बंदूक (12 बोर)
- 1 पोनी बंदूक (12 बोर)
- 6 कारतूस (315 बोर), 2 कारतूस (12 बोर) और भारी मात्रा में निर्माण सामग्री
एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया था, जिसने स्वीकार किया कि वह गैरकानूनी हथियारों की सप्लाई राज्यभर में करता था।

