पीएम मोदी को मिले 1300 उपहारों की ई-नीलामी आज से शुरू, नमामि गंगे को जाएगा पैसा
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिले 1300 से अधिक उपहार अब आम जनता ई-नीलामी के माध्यम से खरीद सकती है। इस वर्ष का संस्करण 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। लोग आधिकारिक पोर्टल www.pmmementos.gov.in पर बोली लगा सकते हैं।
नीलामी में शामिल वस्तुओं में जम्मू-कश्मीर की बारीक कढ़ाई वाला पशमीना शॉल, राम दरबार की तंजौर पेंटिंग, नटराज की धातु प्रतिमा, गुजरात की रोगन कला की कृति (जीवन वृक्ष), हाथ से बुना नागा शॉल समेत कई अनमोल उपहार शामिल हैं।
खेल स्मृति चिन्ह भी शामिल
इस बार की नीलामी में पेरिस ओलंपिक 2024 में भारतीय पैरा एथलीटों द्वारा उपहार में दी गई खेल सामग्री भी शामिल है।
नमामि गंगे को जाएगा धन
केंद्रीय संस्कृति व पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि नीलामी से मिली सारी राशि नमामि गंगे परियोजना को दी जाएगी। वर्ष 2019 में पहली बार पीएम मोदी के उपहारों की नीलामी की गई थी। तब से अब तक हजारों अनोखे उपहारों से 50 करोड़ रुपये से अधिक जुटाए जा चुके हैं।
भारत की सांस्कृतिक झलक
इस बार की नीलामी में पेंटिंग, मूर्तियां, हस्तशिल्प, आदिवासी कलाकृतियां, देवी-देवताओं की प्रतिमाएं और सम्मान-स्वरूप मिले औपचारिक उपहार शामिल हैं। यह संग्रह भारत की सांस्कृतिक विविधता और कला को प्रतिबिंबित करता है।