रोडवेज बस में जहरखुरानी। युवक से 62 हजार की ठगी, सफर के दौरान बना शिकार
हल्द्वानी निवासी सुमित यादव 29 अगस्त की रात दिल्ली से लौट रहे थे। रात करीब 2:30 बजे, जब बस नोएडा सेक्टर-62 पार कर रही थी, तभी बस में सवार दो युवकों ने उन्हें नशे मिश्रित चिप्स और बिस्किट खाने को दिए। कुछ ही देर में सुमित बेहोश हो गए।
होश आया तो… सब गायब
हल्द्वानी पहुंचकर जब उन्हें होश आया तो देखा कि उनका पर्स, एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन की आरसी, नेट डिवाइस और ₹1500 नकद गायब थे। जांच में पता चला कि उनके खाते से ₹62,000 की निकासी भी हो चुकी है।
संदिग्ध युवक गजरौला में उतरे
बस कंडक्टर ने बताया कि दोनों संदिग्ध युवक मुरादाबाद का टिकट लेकर बस में सवार हुए थे, लेकिन गजरौला में उतर गए।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
घटना की जानकारी पर हल्द्वानी कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस को शक है कि इस वारदात के पीछे जहरखुरानी गिरोह का हाथ है।



