राजनीति: उत्तराखंड में चुनावी सरगर्मी तेज, नितिन नवीन ने साधे युवा-पूर्व सैनिक। कांग्रेस ने किया विरोध

उत्तराखंड में चुनावी सरगर्मी तेज, नितिन नवीन ने साधे युवा-पूर्व सैनिक। कांग्रेस ने किया विरोध

देहरादून। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे ने प्रदेश की सियासत को गरमा दिया।

हल्द्वानी में उन्होंने बूथ स्तर के कार्यकर्ता के घर पहुंचकर संगठन के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया तो युवाओं और पूर्व सैनिकों से सीधा संवाद कर भाजपा की चुनावी तैयारियों का संकेत दिया।

वहीं रुद्रपुर में उनके कार्यक्रम से पहले यूथ कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। देहरादून में महिला कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।

बूथ कार्यकर्ता के घर पहुंचे नितिन नवीन

उत्तराखंड दौरे के दूसरे दिन भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने हल्द्वानी में बूथ अध्यक्ष राकेश आर्या के घर पहुंचकर उनके परिवार से मुलाकात की और चाय पर चर्चा की।

भाजपा की ‘कार्यकर्ता सर्वोपरि’ नीति के तहत राष्ट्रीय अध्यक्ष का बूथ स्तर के कार्यकर्ता के घर पहुंचना पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा का विषय रहा।

इसके बाद उन्होंने GenZ युवा संवाद कार्यक्रम में एमबीबीएस समेत विभिन्न कॉलेजों के छात्रों से बातचीत की। युवाओं ने शिक्षा, रोजगार और भविष्य की संभावनाओं से जुड़े सवाल पूछे। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले इसे युवाओं के साथ पार्टी का सीधा संवाद बढ़ाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

शहीद स्मारक पहुंचकर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

नितिन नवीन ने शहीद स्मारक पहुंचकर पुष्पचक्र अर्पित किए और देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया। इस दौरान उन्होंने कश्मीर से जुड़े अपने पुराने अनुभव को साझा किया।

उन्होंने कहा कि 2011 में भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री रहते हुए उन्हें राष्ट्रीय एकता यात्रा के तहत कलकत्ता से कश्मीर जाने का मौका मिला था।

जब वह कश्मीर पहुंचे और लाल चौक पर प्रेस वार्ता के लिए जा रहे थे, तब उन्होंने वहां पाकिस्तान का झंडा लहराते देखा था। उन्होंने कहा, “मेरा सिर शर्म से झुक गया।”

नितिन नवीन ने कहा कि 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केवल सरकार नहीं बदली, बल्कि सोच में भी परिवर्तन आया। आज कश्मीर के लाल चौक पर तिरंगा लहराता देखकर हर देशवासी का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है।

उत्तराखंड को बताया ‘पंचम धाम’

भाजपा अध्यक्ष ने उत्तराखंड को वीर सैनिकों की भूमि बताते हुए कहा कि चारधाम के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड को ‘पंचम धाम’ की संज्ञा दी है।

उन्होंने कहा कि इसी पवित्र भूमि ने देश को पहला सीडीएस जनरल बिपिन रावत दिया। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड के वरिष्ठ नेता मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी को भी याद किया।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति और विरासत को देशभर में पहचान मिल रही है और देवभूमि भारतीय संस्कृति की झलक दिखाती है।

अष्टलक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना

दौरे के दौरान नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ हल्द्वानी के अष्टलक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के कण-कण में भगवान का वास है और उन्होंने प्रदेश की विरासत व संस्कृति के और मजबूत होने की कामना की।

नितिन नवीन ने कहा कि जिस तरह भाजपा ने राज्य के लोगों के लिए सेवाभाव से काम किया है, उसी तरह आगे भी जनता का आशीर्वाद मिलने की उम्मीद है।

कांग्रेस पर साधा निशाना

नितिन नवीन ने कांग्रेस नेताओं, विशेष रूप से राहुल गांधी पर विदेशों में जाकर भारत की आलोचना करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता की ताकत को समझना होगा और जनता पहले भी अपने जनादेश के जरिए जवाब दे चुकी है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में भी जनता कांग्रेस को जवाब देगी।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के लगातार आगे बढ़ने की बात कही और BRICS सम्मेलन की सफलता को भारत की वैश्विक भूमिका के लिए महत्वपूर्ण बताया।

रुद्रपुर में नितिन नवीन के खिलाफ यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन

नितिन नवीन के रुद्रपुर पहुंचने से पहले यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी की और राहुल गांधी के समर्थन में भी नारे लगाए।

यूथ कांग्रेस का आरोप था कि राहुल गांधी को लेकर भाजपा की ओर से कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है, जिसके विरोध में यह प्रदर्शन किया गया।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि राजनीतिक और वैचारिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी राष्ट्रीय नेता के खिलाफ कथित अमर्यादित भाषा स्वीकार नहीं की जा सकती।

नितिन नवीन के पंजाबी गौरव सम्मान सम्मेलन में शामिल होने को देखते हुए पुलिस पहले से अलर्ट थी। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर नजरबंद कर दिया।

कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था के लिए ऊधम सिंह नगर पुलिस के साथ उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले की पुलिस फोर्स को भी लगाया गया। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस तैनात रही तथा प्रवेश-निकास और यातायात व्यवस्था पर निगरानी रखी गई।

देहरादून में महंगाई के खिलाफ महिला कांग्रेस का प्रदर्शन

वहीं देहरादून में महानगर महिला कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई और घरेलू खर्च में बढ़ोतरी के खिलाफ प्रदर्शन किया। महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष उर्मिला थापा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एश्ले हॉल चौक पर भाजपा सरकार का पुतला दहन किया।

महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गले में चीनी की पुड़िया और प्याज की माला पहनकर महंगाई का विरोध जताया। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर तत्काल नियंत्रण की मांग की।

उर्मिला थापा ने कहा कि चीनी के साथ-साथ सब्जियों, दालों और खाद्य तेल की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इससे आम परिवारों का बजट बिगड़ रहा है और गृहस्थी चलाना मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर महंगाई रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान किसी वस्तु के दाम एक-दो रुपये बढ़ने पर भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरते थे, लेकिन आज खाने-पीने की वस्तुओं की कीमतों में 30-40 रुपये तक की बढ़ोतरी होने के बावजूद सरकार प्रभावी कदम नहीं उठा रही है।

दो दिवसीय दौरे में संगठन से लेकर चुनावी रणनीति तक

नितिन नवीन 9 सितंबर को हल्द्वानी पहुंचे थे। पहले दिन उन्होंने भाजपा प्रदेश विस्तारित कार्यसमिति की बैठक में हिस्सा लिया। इसके बाद शाम को राज्य पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों के साथ बैठक की तथा राज्य कोर कमेटी के साथ भी बैठक की।

10 सितंबर को उन्होंने सेवा संकल्प अभियान की बैठक में हिस्सा लिया, इसके बाद पूर्व सैनिक सम्मेलन में शामिल हुए। दौरे के अंतिम चरण में रुद्रपुर पहुंचकर पंजाबी गौरव सम्मान सम्मेलन में प्रतिभाग किया।

युवाओं, बूथ कार्यकर्ताओं, पूर्व सैनिकों और विभिन्न सामाजिक समूहों के बीच सीधे संवाद के साथ कांग्रेस के विरोध को लेकर यह दौरा 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की सक्रिय चुनावी तैयारियों का संकेत देता नजर आया।