राजपुर रोड पर रेव पार्टी की सूचना से मचा बवाल, पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
देहरादून। राजपुर रोड पर साईं मंदिर के पास एक होम स्टे में रविवार देर रात कथित रेव पार्टी की सूचना पर पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने छापा मारा। मौके से 11 लोगों को हिरासत में लेकर उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया।
हालांकि, पुलिस ने साफ किया है कि किसी में भी मादक पदार्थ सेवन की पुष्टि नहीं हुई। इसके बावजूद बिना अनुमति देर रात पार्टी करने पर पुलिस एक्ट में चालान कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार (7 सितम्बर) की रात को मिली सूचना के आधार पर सीओ सिटी के नेतृत्व में पुलिस और एएनटीएफ ने कार्रवाई की। देर रात हिरासत में लिए गए सभी व्यक्तियों का मेडिकल कराया गया, मगर किसी रिपोर्ट में ड्रग्स सेवन की पुष्टि नहीं हो सकी।
पुलिस के मुताबिक, जब्त की गई जगह पर बिना अनुमति पार्टी की जा रही थी। लिहाजा, सभी व्यक्तियों का चालान कर दिया गया है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि रेव पार्टी या मादक पदार्थ सेवन जैसी अफवाहें निराधार हैं।
दरअसल, पूरे दिन सोमवार तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान न आने से तरह-तरह की चर्चाएं फैल गई थीं। सोशल मीडिया और स्थानीय हलकों में यह खबर तेजी से वायरल हुई कि पार्टी किसी नेता/व्यापारी नेता के होम स्टे में आयोजित की गई थी और वहां नशे का सेवन हो रहा था। इसी वजह से बवाल और बढ़ गया।
हालांकि सोमवार शाम को पुलिस ने प्रेस बयान जारी कर स्थिति साफ की और कहा कि “रेव पार्टी की अफवाहें निराधार हैं, केवल देर रात पार्टी पर चालान किया गया है।”
पुलिस की देर से आई सफाई ने ही मामले को और ज्यादा चर्चित बना दिया, जिससे स्थानीय स्तर पर सवाल उठते रहे कि आखिर घटना की जानकारी दबाई क्यों गई थी।

