भाजपा में बगावत पर गिरी गाज। दो जिला पदाधिकारी पदमुक्त
नैनीताल। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जिला स्तर पर पार्टी अनुशासन के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए दो वरिष्ठ पदाधिकारियों को उनके पदों से हटा दिया है।
भाजपा नैनीताल जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने शुक्रवार को जिला मंत्री प्रमोद बोरा और जिला उपाध्यक्ष लाखन निगल्टिया को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त करने की घोषणा की।
पार्टी के अनुसार, दोनों नेताओं ने पंचायत चुनाव में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ काम किया। प्रमोद बोरा ने 21-रामड़ी आनसिंह पनियाली सीट से अपनी पत्नी को चुनाव लड़वाया, जबकि लाखन निगल्टिया की पत्नी भी पार्टी प्रत्याशी बेला तोलिया के सामने निर्दलीय मैदान में हैं।
इन गतिविधियों को भाजपा ने पार्टी विरोधी मानते हुए सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की।
जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने स्पष्ट कहा, “भारतीय जनता पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है। कोई भी नेता या कार्यकर्ता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ कार्य करेगा, तो उसके लिए संगठन में कोई स्थान नहीं है।”
पार्टी सूत्रों के अनुसार, भाजपा आने वाले चुनावों में किसी भी स्तर की बगावत या गुटबाजी को बर्दाश्त नहीं करेगी। पार्टी संगठन अनुशासनहीन गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखेगा और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाइयाँ जारी रहेंगी।
भाजपा की इस कार्यवाही को आगामी चुनावों के लिए पार्टी को एकजुट रखने और स्पष्ट संदेश देने के रूप में देखा जा रहा है। इससे साफ संकेत गया है कि पार्टी लाइन से हटने वालों के लिए अब कोई रियायत नहीं होगी।



