Weather Alert: पहाड़ से मैदान तक बरसेंगे बादल, मौसम विभाग ने जारी किया 6 दिन का पूर्वानुमान

पहाड़ से मैदान तक बरसेंगे बादल, मौसम विभाग ने जारी किया 6 दिन का पूर्वानुमान

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की विदाई से पहले मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आगामी छह दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी।

26 से 29 सितंबर के बीच राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

आज और कल इन जिलों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार 24 सितंबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, चंपावत, नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। जबकि देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी और ऊधमसिंह नगर समेत अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

शुक्रवार 25 सितंबर को बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल, अल्मोड़ा, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं अन्य पर्वतीय जिलों में भी बादलों की गर्जना के साथ हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है।

26 सितंबर से पूरे प्रदेश में सक्रिय होगा मौसम

मौसम विभाग ने शनिवार 26 सितंबर से राज्यभर में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी का अनुमान जताया है। 26, 27 और 28 सितंबर को प्रदेश के सभी जिलों के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान पर्वतीय इलाकों में बादलों की आवाजाही बढ़ने और तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

29 सितंबर को भी जारी रहेगा बारिश का दौर

मंगलवार 29 सितंबर को पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। जबकि मैदानी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज हो सकती है।

मानसून की विदाई से पहले सक्रियता

आमतौर पर उत्तराखंड में मानसून जून के अंतिम सप्ताह में सक्रिय होता है और जुलाई-अगस्त के दौरान सबसे अधिक वर्षा होती है। सितंबर के दूसरे से अंतिम सप्ताह के बीच मानसून की वापसी शुरू हो जाती है।

हालांकि इस बार मानसून की विदाई से पहले मौसम फिर सक्रिय होता दिखाई दे रहा है, जिससे पर्वतीय और मैदानी दोनों क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहने के संकेत हैं।