वीडियो: भीमताल में आज भी डोली का सहारा! बीमार महिला को 8 किमी कंधों पर ले गए ग्रामीण

भीमताल में आज भी डोली का सहारा! बीमार महिला को 8 किमी कंधों पर ले गए ग्रामीण

हल्द्वानी। उत्तराखंड के नैनीताल जिले की भीमताल विधानसभा क्षेत्र से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो में ग्रामीण एक बीमार महिला को डोली के सहारे उबड़-खाबड़ पहाड़ी रास्ते से करीब 8 किलोमीटर दूर सड़क मार्ग तक ले जाते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पहाड़ी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं और सड़क कनेक्टिविटी को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

देखें वीडियो:-

वायरल वीडियो में एक महिला को डोली पर लिटाकर चार लोग कंधों के सहारे ले जाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो बनाने वाला युवक शुरुआत में लोगों से इसे अधिक से अधिक शेयर करने की अपील करता है, ताकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और क्षेत्रीय मंत्री राम सिंह कैड़ा तक ग्रामीणों की समस्या पहुंच सके।

वीडियो में युवक क्षेत्र की स्थिति को लेकर सरकार और जनप्रतिनिधियों पर सवाल उठाता सुनाई देता है। वह कहता है कि सरकार की ओर से विकास कार्यों को लेकर किए जाने वाले दावों के बावजूद ग्रामीण इलाकों में आज भी मरीजों को सड़क तक पहुंचाने के लिए डोली का सहारा लेना पड़ रहा है।

8 किलोमीटर तक डोली में ले गए महिला को

जानकारी के अनुसार वीडियो भीमताल ब्लॉक के ओखलकांडा क्षेत्र के अधौड़ा, कित्तोक और मोड़ा इलाके का बताया जा रहा है। वीडियो में ग्रामीण एक महिला को पहाड़ी पगडंडी से डोली के जरिए सड़क मार्ग तक ले जाते नजर आ रहे हैं।

वीडियो बनाने और महिला को डोली से सड़क तक पहुंचाने में मदद करने वाले समाजसेवी दीपक सिंह मेहरा के मुताबिक महिला के पैर में फोड़ा हो गया था। घरेलू उपचार से राहत नहीं मिलने के बाद उसकी हालत ऐसी हो गई कि वह खुद चलकर सड़क तक जाने में असमर्थ थी।

इसके बाद ग्रामीणों ने महिला को डोली में बैठाया और करीब 8 किलोमीटर तक पैदल पहाड़ी रास्ते से लेकर नजदीकी मोटर मार्ग तक पहुंचे।

पथरीले और दुर्गम रास्ते से गुजरे ग्रामीण

बताया गया कि महिला को सड़क तक पहुंचाने के दौरान ग्रामीणों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। रास्ता उबड़-खाबड़ और पथरीला होने के साथ ही कई स्थानों पर जंगल की झाड़ियां भी थीं।

खड़ी पहाड़ी वाली पगडंडी से ग्रामीणों ने महिला को डोली के सहारे सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद महिला का इलाज कराया गया। दीपक सिंह मेहरा के अनुसार उपचार के बाद महिला अब ठीक होकर वापस अपने गांव लौट चुकी हैं।

वीडियो ने फिर उठाए पहाड़ी कनेक्टिविटी पर सवाल

वीडियो वायरल होने के बाद एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति को लेकर बहस छिड़ गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क मार्ग से गांवों की दूरी और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण मरीजों को कई बार डोली या कंधों के सहारे मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता है।

हालांकि, वायरल वीडियो और ग्रामीणों के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो में दिखाई दे रहा मामला किस तारीख का है और संबंधित क्षेत्र में सड़क या स्वास्थ्य सुविधा की वर्तमान स्थिति क्या है, इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।