UKSSSC ने खोला नौकरी का पिटारा, 553 पदों पर निकली बंपर भर्ती, इस दिन से आवेदन शुरू
UKSSSC Latest Job Update 2026: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने विभिन्न विभागों में समूह ‘ग’ के 553 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। आयोग ने भर्ती का विस्तृत विज्ञापन संख्या 80/उ०अ० से०च०आ०/2026 31 अगस्त 2026 को अपनी वेबसाइट पर जारी कर दिया है।
इस भर्ती के तहत कम्प्यूटर सहायक, कनिष्ठ सहायक, सह डाटा एंट्री ऑपरेटर, प्रवर सहायक/वरिष्ठ सहायक, निबंधन लिपिक, कम्प्यूटर ऑपरेटर, टेलीफोन ऑपरेटर, सहायक खनिज पर्यवेक्षक, भूमि अर्जन अमीन/भूमि अध्याप्ति निरीक्षक, अहलमद एवं कैशियर, स्टोर कीपर, गृहमाता और सर्वे लेखपाल समेत कई पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
8 सितंबर से शुरू होंगे आवेदन
आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 सितंबर 2026 से शुरू होगी। अभ्यर्थी 7 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पत्र में संशोधन के लिए 12 अक्टूबर से 14 अक्टूबर 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है। भर्ती की लिखित परीक्षा की अनंतिम तिथि 15 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
सबसे ज्यादा 55 पद निबंधन लिपिक के
जारी पदवार विवरण के अनुसार निबंधन लिपिक (स्टाम्प एवं निबंधन विभाग) के 55 पद हैं। वहीं परिवहन विभाग में कनिष्ठ सहायक के 42 पद, राज्य कर विभाग में कनिष्ठ सहायक के 33 पद और महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग में कनिष्ठ सहायक के 32 पद शामिल हैं।
इसके अलावा ग्रामीण निर्माण विभाग में 26, उच्च शिक्षा विभाग में 20, एनसीसी विभाग में 16, समाज कल्याण विभाग में 12, स्टाम्प एवं निबंधन विभाग में 12, कर्मचारी राज्य बीमा योजना में 9 और संस्कृत शिक्षा विभाग में 7 पदों पर भर्ती की जाएगी।
जिलाधिकारी कार्यालयों में भी बड़ी संख्या में कनिष्ठ सहायकों के पद शामिल हैं। अल्मोड़ा में 2, बागेश्वर में 12, चमोली में 15, चम्पावत में 9, देहरादून में 2, हरिद्वार में 17, नैनीताल में 18, पौड़ी गढ़वाल में 25, पिथौरागढ़ में 8, रुद्रप्रयाग में 4, टिहरी गढ़वाल में 10 और ऊधम सिंह नगर में 10 कनिष्ठ सहायक के पद हैं।
अन्य पदों पर भी होगी भर्ती
भर्ती में कम्प्यूटर सहायक के 9 पद, कनिष्ठ सहायक/सह डाटा एंट्री ऑपरेटर के 3 पद, प्रवर सहायक/वरिष्ठ सहायक का 1 पद, उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद में कनिष्ठ सहायक के 14 पद, सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में 5 पद और वाणिज्य कर अधिकरण में 4 पद शामिल हैं।
इसके अलावा कम्प्यूटर ऑपरेटर, टेलीफोन ऑपरेटर, सहायक खनिज पर्यवेक्षक, भूमि अर्जन अमीन/भूमि अध्याप्ति निरीक्षक, अहलमद एवं कैशियर, स्टोर कीपर, गृहमाता और सर्वे लेखपाल के पद भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल किए गए हैं। कुल पदों की संख्या 553 है।
आवेदन के दौरान आधार कार्ड अपलोड करना अनिवार्य
आयोग ने आवेदन प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश भी जारी किए हैं। अभ्यर्थियों को अपने नाम और जन्मतिथि के सत्यापन के लिए हाईस्कूल प्रमाण-पत्र के साथ आधार कार्ड के दोनों तरफ की छायाप्रति ऑनलाइन आवेदन पत्र में अपलोड करना अनिवार्य होगा।
इसके अलावा अभ्यर्थी को अपने ऊर्ध्वाधर और क्षैतिज आरक्षण से संबंधित श्रेणी/उपश्रेणी का प्रमाण-पत्र भी अपलोड करना होगा। जिन पदों के लिए अनुभव प्रमाण-पत्र अनिवार्य है, उन पदों के अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान संबंधित अनुभव प्रमाण-पत्र भी अपलोड करना होगा।
अभ्यर्थी पहले पढ़ लें पूरा विज्ञापन
आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि ऑनलाइन आवेदन करने से पहले विस्तृत विज्ञापन में दिए गए शैक्षिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण, प्रमाण-पत्र, चयन प्रक्रिया और अन्य सभी शर्तों का अच्छी तरह अवलोकन कर लें।
निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले अभ्यर्थी ही आवेदन करें।
आयोग की वेबसाइट http://www.sssc.uk.gov.in पर भर्ती का विस्तृत विज्ञापन उपलब्ध करा दिया गया है।
आवेदन से जुड़ी अहम तारीखें
- विज्ञापन प्रकाशन- 31 अगस्त 2026
- ऑनलाइन आवेदन शुरू- 8 सितंबर 2026
- आवेदन की अंतिम तिथि- 7 अक्टूबर 2026
- आवेदन में संशोधन- 12 से 14 अक्टूबर 2026
- लिखित परीक्षा की अनंतिम तिथि- 15 नवंबर 2026
आवेदन भरने में किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होने पर अभ्यर्थी आयोग के टोल फ्री नंबर 9520991172, व्हाट्सऐप नंबर 9520991174 अथवा ई-मेल chayanayog@gmail.com पर संपर्क कर सकते हैं।
आयोग के सचिव एन.एस. दुगरियाल की ओर से जारी सूचना में अभ्यर्थियों से आवेदन पत्र भरते समय सभी निर्देशों और शर्तों का सावधानीपूर्वक पालन करने को कहा गया है।


