बिग ब्रेकिंग: उत्तराखंड में 6 अधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल, आनंद श्रीवास्तव बने डीजी कृषि एवं उद्यान

उत्तराखंड में 6 अधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल, आनंद श्रीवास्तव बने डीजी कृषि एवं उद्यान

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) और सचिवालय सेवा के कुल छह अधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल किया है।

इस छोटे प्रशासनिक बदलाव में सबसे अहम नियुक्ति आईएएस अधिकारी डॉ. आनंद श्रीवास्तव को महानिदेशक कृषि एवं उद्यान बनाए जाने की है। शासन स्तर पर जारी आदेश के तहत कुछ अधिकारियों को नए दायित्व दिए गए हैं, जबकि कुछ से अतिरिक्त प्रभार वापस लिया गया है।

डॉ. आनंद श्रीवास्तव को अपर सचिव नागरिक उड्डयन के साथ महानिदेशक कृषि एवं उद्यान की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। कृषि एवं उद्यान महानिदेशक का पद लंबे समय से रिक्त चल रहा था।

इससे पहले आईएएस अधिकारी वंदना इस पद की जिम्मेदारी संभाल रही थीं, लेकिन केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद यह पद खाली था। अब डॉ. आनंद श्रीवास्तव की तैनाती से विभाग को स्थायी नेतृत्व मिलने की उम्मीद है।

विजय कुमार जोगदंडे को गृह विभाग की जिम्मेदारी
फेरबदल के तहत निर्वाचन से जुड़े दायित्व संभाल रहे आईएएस अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे को अब अपर सचिव गृह विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, आईएएस अधिकारी विनोद गिरि गोस्वामी से अपर सचिव आवास विभाग का प्रभार वापस ले लिया गया है।

पीसीएस अधिकारी सुंदरलाल सेमवाल से भी अपर सचिव समाज कल्याण विभाग की जिम्मेदारी वापस ली गई है। बताया जा रहा है कि वह जल्द सेवानिवृत्त होने वाले हैं, जिसके चलते उनके दायित्वों में कमी की गई है।

सचिवालय सेवा के अधिकारी सुनील सिंह को अपर सचिव आवास विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह पहले से अपर सचिव राजस्व का दायित्व संभाल रहे हैं।

वहीं, पदोन्नति के बाद नई जिम्मेदारी का इंतजार कर रहीं महिमा रौकली को अपर सचिव राजस्व एवं सैनिक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

बड़ी तबादला सूची का इंतजार बरकरार

शासन की इस सूची को फिलहाल सामान्य प्रशासनिक फेरबदल के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि प्रदेश में बड़े स्तर पर तबादलों को लेकर भी तैयारियां चल रही हैं।

आने वाली सूची में कई जिलों के जिलाधिकारियों, विकास प्राधिकरणों और शासन स्तर के महत्वपूर्ण पदों पर बदलाव होने की संभावना जताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, शासन स्तर पर व्यापक फेरबदल को लेकर होमवर्क लगभग पूरा हो चुका है। एसआईआर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 12 सितंबर के बाद बड़ी तबादला सूची जारी होने की संभावना है। हालांकि इस संबंध में शासन की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।