देहरादून समेत 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, भारी बारिश के बीच बढ़ा भू-धंसाव का खतरा
देहरादून। गोपेश्वर जिला मुख्यालय को घिंघराण से जोड़ने वाले मोटर मार्ग पर ब्रह्मसैण क्षेत्र में लगातार बढ़ रहा भू-धंसाव चिंता का कारण बन गया है।
सड़क के निचले हिस्से में जमीन खिसकने से जहां यातायात प्रभावित हो रहा है, वहीं आसपास बने आवासीय और व्यावसायिक भवन भी खतरे की जद में आ गए हैं। हालात बिगड़ने के कारण छोटे वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित होने लगी है।
ब्रह्मसैण में भू-धंसाव की समस्या पिछले वर्ष से बनी हुई है। सड़क के निचले हिस्से में जमीन खिसकने के बाद क्षेत्र के ट्रीटमेंट के लिए कार्ययोजना तैयार की गई थी, लेकिन अभी तक इसका अपेक्षित असर धरातल पर नजर नहीं आया है। लगातार हो रही बारिश ने स्थिति को और गंभीर कर दिया है।
बताया जा रहा है कि सड़क से करीब 50 मीटर नीचे भू-धंसाव लगातार बढ़ रहा है और अब इसका असर ऊपर सड़क तक दिखाई देने लगा है। लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क को दुरुस्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन जमीन खिसकने का सिलसिला जारी रहने से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।
खतरे की जद में आए भवन स्वामियों को आशंका है कि यदि भू-धंसाव इसी तरह बढ़ता रहा तो आने वाले दिनों में सड़क के साथ-साथ पूरी बस्ती के लिए बड़ा खतरा पैदा हो सकता है।
भारी बारिश ने बढ़ाई मुश्किल
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है और कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।
देहरादून मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है।
वहीं, राज्य के अन्य जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। शेष जनपदों में गरज और आकाशीय बिजली चमकने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
देहरादून में आज आसमान आंशिक रूप से लेकर आमतौर पर बादल छाए रहने तथा कुछ दौर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।


