बिग ब्रेकिंग: 14 से 17 अगस्त तक भारी बारिश का दौर। देहरादून समेत तीन जिलों में अलर्ट, कई जिलों में स्कूल बंद

14 से 17 अगस्त तक भारी बारिश का दौर। देहरादून समेत तीन जिलों में अलर्ट, कई जिलों में स्कूल बंद

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ने वाला है। मौसम विभाग ने 14 से 17 अगस्त तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। देहरादून, बागेश्वर और नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि प्रदेश के अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

देहरादून में 14 अगस्त को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

देहरादून जिले में मौसम विभाग और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सचेत पोर्टल से जारी अपडेट के आधार पर अगले 24 घंटे में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।

इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने 14 अगस्त 2026 को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।

मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

पिथौरागढ़ में भी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद

मौसम विभाग के 13 अगस्त को जारी पूर्वानुमान के अनुसार 14 अगस्त को पिथौरागढ़ समेत उत्तराखंड के कई जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।

विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए पिथौरागढ़ जिले में 14 अगस्त को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।

नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट, स्कूलों में अवकाश

नैनीताल जिले में 14 अगस्त को मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जिले में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ नदियों, नालों और गधेरों में तेज जलप्रवाह तथा संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की आशंका जताई गई है।

छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर 14 अगस्त को नैनीताल जिले के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है। विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक और कार्यालय स्टाफ को भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।

हालांकि, यह आदेश नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित उन आवासीय शिक्षण संस्थानों पर लागू नहीं होगा, जहां विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।

संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी के निर्देश

मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने संबंधित विभागों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

भारी बारिश के दौरान नदी-नालों के जलस्तर में अचानक वृद्धि, भूस्खलन और सड़क अवरुद्ध होने जैसी घटनाओं की आशंका को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम खराब होने पर बेहद जरूरी होने पर ही यात्रा करें और नदी-नालों तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास जाने से बचें।