बिग ब्रेकिंग: स्वतंत्रता दिवस पर दून पुलिस का ट्रैफिक प्लान जारी, इन रास्तों पर रहेगी नो-एंट्री और डायवर्जन

स्वतंत्रता दिवस पर दून पुलिस का ट्रैफिक प्लान जारी, इन रास्तों पर रहेगी नो-एंट्री और डायवर्जन

देहरादून। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम को लेकर दून पुलिस ने यातायात और पार्किंग की विस्तृत व्यवस्था जारी कर दी है।

कार्यक्रम के दौरान परेड ग्राउंड के चारों ओर पूरी तरह जीरो-जोन रहेगा। इस दौरान सभी प्रकार के वाहनों, ठेलियों और रेहड़ियों का आवागमन एवं प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

पुलिस ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले वीआईपी, अधिकारियों, परेड प्रतिभागियों, पुलिसकर्मियों, मीडिया और आम नागरिकों के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं पार्किंग व्यवस्था निर्धारित की है। साथ ही यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए परेड ग्राउंड के आसपास आउटर और इनर बैरियर प्वाइंट बनाए जाएंगे।

वीआईपी और अधिकारियों के लिए अलग प्रवेश

वीआईपी और अधिकारी ईसी रोड से सर्वे चौक होते हुए रोजगार तिराहा और कॉन्वेंट तिराहे की ओर जाएंगे। इसके बाद दाहिनी ओर स्थित वीवीआईपी द्वार यानी मुख्य गेट नंबर-1 से कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करेंगे।

स्वतंत्रता दिवस परेड के प्रतिभागियों, पुलिस, होमगार्ड, प्रेस और कार्यक्रम देखने आने वाले नागरिकों को अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े करने होंगे। यहां से पैदल परेड ग्राउंड के सामान्य प्रवेश द्वार गेट नंबर-4 और गेट नंबर-5 से कार्यक्रम स्थल में प्रवेश दिया जाएगा।

यहां होगी पार्किंग

वीआईपी और अधिकारियों के वाहन: मंच के पीछे और खेल मैदान में पार्क होंगे।

परेड प्रतिभागी, पुलिस, होमगार्ड, प्रेस तथा बुजुर्ग, बच्चे और महिलाएं: रेंजर्स ग्राउंड, मंगला देवी इंटर कॉलेज और सर्वे चौक के निकट दून क्लब में वाहन पार्क कर सकेंगे।

धर्मपुर, दर्शन लाल चौक और दून चौक की ओर से आने वाले वाहन: रेंजर्स ग्राउंड में पार्क होंगे।

सर्वे चौक की ओर से आने वाले वाहन: मंगला देवी इंटर कॉलेज ग्राउंड में पार्क किए जाएंगे।

राजपुर रोड की ओर से आने वाले प्रतिभागी और दर्शक: सेंट जोसेफ, सुभाष रोड पर दीवार के किनारे वन-साइड स्ट्रीट पार्किंग तथा लॉर्ड वेंकटेश वेडिंग प्वाइंट के अंदर वाहन पार्क कर सकेंगे।

परेड ग्राउंड के आसपास ये होंगे बैरियर प्वाइंट

यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए परेड ग्राउंड के चारों ओर आउटर और इनर बैरियर प्वाइंट बनाए जाएंगे।

आउटर प्वाइंट

  • ईसी रोड-सर्वे चौक
  • मनोज क्लिनिक
  • बुद्धा चौक
  • दर्शन लाल चौक
  • ओरिएंट चौक
  • पैसिफिक तिराहा

इनर प्वाइंट

  • रोजगार तिराहा
  • कनक चौक
  • डूंगा हाउस
  • लैंसडाउन चौक
  • कॉन्वेंट तिराहा

इनर प्वाइंट से पासधारकों और वीवीआईपी वाहनों को छोड़कर किसी भी वाहन को परेड ग्राउंड की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।

विक्रमों के लिए डायवर्जन

  • रूट नंबर-2 (रायपुर रूट): सभी विक्रम सहस्त्रधारा क्रॉसिंग से वापस भेजे जाएंगे।
  • रूट नंबर-3 (धर्मपुर रूट): विक्रम तहसील चौक से दून चौक और एमकेपी चौक की ओर डायवर्ट होंगे।
  • रूट नंबर-5 (आईएसबीटी) और रूट नंबर-8 (कांवली): सभी विक्रम रेलवे गेट से वापस भेजे जाएंगे।
  • प्रेमनगर रूट: सभी विक्रम प्रभात कट से वापस भेजे जाएंगे।
  • राजपुर रूट: विक्रम ग्लोब चौक से पैसिफिक तिराहा, बैनी बाजार होते हुए वापस राजपुर रोड की ओर भेजे जाएंगे।

सिटी बसों के लिए भी बदले रहेंगे रूट

  • आईएसबीटी से राजपुर रोड: सिटी बसें दर्शन लाल चौक से घंटाघर होते हुए राजपुर रोड की ओर जाएंगी।
  • रिस्पना से आने वाली बसें: तहसील चौक से वापस दून चौक, एमकेपी चौक और आराघर की ओर डायवर्ट की जाएंगी।
  • रायपुर रोड से आने वाली बसें: सहस्त्रधारा क्रॉसिंग से सहस्त्रधारा रोड, आईटी पार्क, राजपुर रोड और घंटाघर होते हुए भेजी जाएंगी।

पुलिस ने की सहयोग की अपील

एसपी ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी ने दूनवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कार्यक्रम में आने वाले वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने और सड़क पर पार्किंग नहीं करने की अपील की।

पुलिस ने लोगों से निर्धारित रूट का ही इस्तेमाल करने, संभव हो तो दुपहिया वाहनों का प्रयोग करने और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने को कहा है।

पुलिस का कहना है कि आम लोगों के सहयोग से स्वतंत्रता दिवस के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा जा सकेगा।