उत्तराखंड कांग्रेस की नई टीम घोषित, चुनाव से पहले संगठन में बड़ा फेरबदल
- गोदावरी थपलियाल बनीं प्रदेश कोषाध्यक्ष, 24 उपाध्यक्ष, 36 महासचिव और 107 सचिव नियुक्त; पांच नई समितियों का भी गठन
देहरादून। आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष की मंजूरी के बाद गुरुवार को उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्षों, महासचिवों और सचिवों की नई सूची जारी कर दी गई।
नई कार्यकारिणी में गोदावरी थपलियाल को प्रदेश कोषाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा 24 नेताओं को प्रदेश उपाध्यक्ष, 36 नेताओं को प्रदेश महासचिव और 107 नेताओं को प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कांग्रेस ने वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ युवा चेहरों को भी संगठन में अहम जिम्मेदारियां दी हैं।
पांच नई समितियों का गठन
संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने के लिए कांग्रेस ने पांच प्रमुख समितियों का भी गठन किया है। इनमें कार्यकारिणी समिति, घोषणापत्र समिति, अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति, एसआईआर समिति, चार्जशीट समिति शामिल हैं।
प्रदेश कार्यकारिणी समिति में 41 वरिष्ठ नेताओं को जगह दी गई है, जिनमें हरीश रावत, प्रीतम सिंह, यशपाल आर्य, गणेश गोदियाल, डॉ. हरक सिंह रावत, भुवन चंद्र कापड़ी, तिलक राज बेहड़, ममता राकेश, विक्रम सिंह नेगी, काजी निजामुद्दीन, करण महारा सहित कई प्रमुख नेता शामिल हैं।
इन नेताओं को मिली समितियों की जिम्मेदारी
- घोषणापत्र समिति: अध्यक्ष – भुवन चंद्र कापड़ी,
- संयोजक – डॉ. प्रेम बहुखंडी
- अनुशासनात्मक समिति: अध्यक्ष – विक्रम सिंह नेगी
- एसआईआर समिति: अध्यक्ष – मनोज रावत
- चार्जशीट समिति: अध्यक्ष – करण महारा
उपाध्यक्ष और महासचिव पदों पर नई नियुक्तियां
प्रदेश उपाध्यक्षों में हेमेश खर्कवाल, विजय सारस्वत, सूर्यकांत धस्माना, धीरेंद्र प्रताप, मनोज रावत, सतीश नैनवाल, लालचंद शर्मा, सहरियार खान, सी.पी. सिंह, संजय पालीवाल, राजेंद्र पाल सिंह, सुखविंदर कौर, राजीव महर्षि, अनुपम शर्मा, हेमंत बगड़वाल, मधु सांगुरी, डॉ. प्रेम बहुखंडी, दर्शन लाल समेत 24 नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं 36 प्रदेश महासचिवों की सूची में राजेंद्र भंडारी, नवीन जोशी, अभिषेक सिंह, विजय गुनसोला, पुष्कर जैन, राकेश लाल शाह, दीप शर्मा, मकबूल कुरैशी, अमरजीत सिंह, याकूब सिद्दीकी, जयेंद्र रमोला, संजय किरोला, राजेंद्र तंगड़िया सहित कई नेताओं को स्थान मिला है।
कांग्रेस नेतृत्व का कहना है कि नई कार्यकारिणी का उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और सभी वर्गों तथा क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देना है।


