SGRRU में हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म मैनेजमेंट के अत्याधुनिक भवन का उद्घाटन, ताज ग्रुप करेगा एमओयू
- पर्यटन उद्योग की जरूरतों के अनुरूप तैयार होंगे विश्वस्तरीय प्रोफेशनल्स, 100% प्लेसमेंट और इंडस्ट्री आधारित प्रशिक्षण पर जोर
देहरादून। उत्तराखंड में तेजी से बढ़ते पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को देखते हुए श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू) ने स्कूल ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म मैनेजमेंट के अत्याधुनिक भवन का शनिवार को भव्य उद्घाटन किया।
इस भवन में उद्योग आधारित और व्यावहारिक पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे, जिससे छात्रों को देश-विदेश के प्रतिष्ठित होटल, रिसॉर्ट, एयरलाइंस, क्रूज, पर्यटन और फूड सर्विस सेक्टर में बेहतर करियर के अवसर मिल सकेंगे।
भवन का उद्घाटन ताज ऋषिकेश रिजॉर्ट एंड स्पा के क्लस्टर जनरल मैनेजर (ऑपरेशंस) एवं जनरल मैनेजर मनोज मिश्रा ने किया। उन्होंने कहा कि यह पहल हॉस्पिटैलिटी उद्योग के लिए दक्ष और प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि ताज ग्रुप जल्द ही एसजीआरआरयू के साथ एमओयू करेगा, जिसके तहत छात्रों को प्रोफेशनल ट्रेनिंग और उद्योग की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जाएगा।
विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने इस उपलब्धि पर स्कूल ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म मैनेजमेंट की पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।
कुलपति डॉ. के. प्रतापन ने कहा कि विश्वविद्यालय उत्तराखंड के पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों और स्थानीय जैविक उत्पादों को आधुनिक स्वरूप देकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में भी कार्य करेगा।
होटल मैनेजमेंट एवं टूरिज्म हॉस्पिटैलिटी के डीन डॉ. विनय राणा ने कहा कि विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित होटल समूहों में इंटर्नशिप और 100 प्रतिशत प्लेसमेंट असिस्टेंस उपलब्ध कराने के लिए विश्वविद्यालय पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर ने कहा कि रोजगारपरक शिक्षा के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और प्रदेश से पलायन रोकना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है।
उद्घाटन के अवसर पर आयोजित केक कटिंग समारोह उत्साह और उल्लास का केंद्र रहा।
कार्यक्रम में विभागाध्यक्षों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया। होटल मैनेजमेंट विभाग के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों की अतिथियों ने सराहना की।
विश्वविद्यालय ने यह भी घोषणा की कि भविष्य में संस्थान के प्रमुख आयोजनों की हॉस्पिटैलिटी व्यवस्थाओं का संचालन विद्यार्थी स्वयं करेंगे, जिससे उन्हें पढ़ाई के साथ वास्तविक उद्योग अनुभव प्राप्त होगा।
कार्यक्रम में विपिन चंद्र घिल्डियाल, विजय नौटियाल, विनय मोहन थपलियाल, मनोज जखमोला, सीएस पयाल सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न स्कूलों के डीन, फैकल्टी सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


