बिग ब्रेकिंग: हरिद्वार में 30 जुलाई से 11 अगस्त तक स्कूल-कॉलेज बंद, ऑनलाइन होगी पढ़ाई

हरिद्वार में 30 जुलाई से 11 अगस्त तक स्कूल-कॉलेज बंद, ऑनलाइन होगी पढ़ाई

  • डीएम मयूर दीक्षित का आदेश, सभी सरकारी-निजी शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में रहेगा अवकाश

हरिद्वार। कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए हरिद्वार जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, तकनीकी एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थानों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक अवकाश घोषित कर दिया है।

जारी आदेश के अनुसार, इस अवधि में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए सभी शिक्षण संस्थानों को ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने कहा है कि कांवड़ मेले के दौरान राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों सहित शहर के प्रमुख मार्गों पर लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है, जिससे यातायात डायवर्जन और कई मार्गों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ता है। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि अवकाश केवल नियमित शैक्षणिक गतिविधियों के लिए रहेगा। सभी संस्थान ऑनलाइन कक्षाओं, डिजिटल अध्ययन सामग्री और अन्य माध्यमों से नियमित पढ़ाई जारी रखें तथा विद्यार्थियों और अभिभावकों को समय रहते इसकी जानकारी उपलब्ध कराएं।

प्रशासन ने शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ सभी विद्यालय प्रबंधन और प्रधानाचार्यों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

30 जुलाई से शुरू होगा कांवड़ मेला

हरिद्वार में इस वर्ष 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक कांवड़ मेले का आयोजन होगा। पिछले वर्ष मेले में 4 करोड़ से अधिक कांवड़िए हरिद्वार पहुंचे थे, जबकि इस बार यह संख्या 5 करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है।

जिला प्रशासन मेले की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। डीएम मयूर दीक्षित ने कहा कि इस व्यवस्था से कांवड़ मेले के दौरान यातायात और सुरक्षा प्रबंधन बेहतर रहेगा, वहीं विद्यार्थियों की पढ़ाई भी ऑनलाइन माध्यम से निर्बाध जारी रहेगी।