‘सर्कल ऑफ टॉडलर्स’ के साथ द पॉली किड्स का नया कदम, वैश्विक स्तर की प्रारंभिक शिक्षा का मिलेगा अनुभव
- कैप्टन मुकुल महेंद्रु बोले— नन्हे बच्चों के सपनों को मिलेगी वैश्विक उड़ान
- फिनलैंड-सिंगापुर आधारित पाठ्यक्रम, एआई स्मार्ट क्लास और सुरक्षित वातावरण होगी नई प्री-स्कूल की पहचान
देहरादून। द पॉली किड्स परिवार अपनी नई प्रीमियम प्री-स्कूल इकाई ‘सर्कल ऑफ टॉडलर्स‘ का भव्य शुभारंभ रविवार को पुरकुल रोड स्थित बगराल गांव में करेगा। आधुनिक सुविधाओं और अंतरराष्ट्रीय शिक्षण पद्धति से सुसज्जित यह संस्थान बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को नई दिशा देने का प्रयास करेगा।
मसूरी रोड स्थित द पॉली किड्स में आयोजित प्रेस वार्ता में संस्थापक कैप्टन मुकुल महेंद्रु ने कहा कि किसी भी राष्ट्र का भविष्य उसकी प्रारंभिक शिक्षा की गुणवत्ता पर निर्भर करता है। जीवन के शुरुआती वर्ष ही बच्चे के व्यक्तित्व, सोच और सीखने की क्षमता की मजबूत नींव रखते हैं।
उन्होंने कहा कि ‘सर्कल ऑफ टॉडलर्स‘ केवल एक प्री-स्कूल नहीं, बल्कि बच्चों की रचनात्मकता, जिज्ञासा, आत्मविश्वास और सर्वांगीण विकास का आधुनिक केंद्र होगा।
उन्होंने बताया कि उद्घाटन समारोह में महापौर सौरभ थपलियाल और विधायक सविता कपूर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में शिक्षाविदों, अभिभावकों, विद्यालय के निदेशकों, प्रधानाचार्यों, नन्हे विद्यार्थियों और शहर के गणमान्य नागरिकों की भी उपस्थिति रहेगी।
विद्यालय की चेयरपर्सन रंजना महेंद्रु ने बताया कि संस्थान में फिनलैंड और सिंगापुर आधारित अंतरराष्ट्रीय पाठ्यक्रम लागू किया गया है, जिसे विश्व के सर्वश्रेष्ठ प्रारंभिक शिक्षा मॉडलों में शामिल माना जाता है।
बच्चों को गतिविधि आधारित, अनुभवात्मक और खेल-खेल में सीखने की पद्धति से शिक्षा दी जाएगी, जिससे उनमें स्वाभाविक रूप से सीखने की रुचि विकसित हो सके।
उन्होंने बताया कि विद्यालय में एआई स्मार्ट क्लास, पूर्णतः वातानुकूलित कक्षाएं, बाल-अनुकूल फर्नीचर, आधुनिक शिक्षण सामग्री, आकर्षक प्ले ज़ोन और सुरक्षित परिसर जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। डिजिटल तकनीक का उपयोग बच्चों की आयु और आवश्यकता के अनुरूप किया जाएगा।
रंजना महेंद्रु ने कहा कि संस्थान में प्रशिक्षित एवं अनुभवी शिक्षकों की टीम प्रत्येक बच्चे की रुचि, क्षमता और विकास की गति के अनुसार व्यक्तिगत मार्गदर्शन देगी। विद्यालय का उद्देश्य ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां हर बच्चा स्वयं को सुरक्षित, सम्मानित और आत्मविश्वास से भरपूर महसूस करे।
उद्घाटन समारोह को बच्चों के लिए यादगार बनाने के उद्देश्य से रंग-बिरंगे टेडी मैस्कॉट्स, कठपुतली शो और मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभिभावकों को विद्यालय की आधुनिक शिक्षण प्रणाली और सुविधाओं से परिचित कराने के लिए विशेष कैंपस विजिट भी कराई जाएगी।
वहीं, आकर्षण के केंद्र के रूप में आयोजित बेबी कॉन्टेस्ट में विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों को सम्मानित किया जाएगा तथा विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
चेयरपर्सन रंजना महेंद्रु ने कहा कि हर बच्चा अपने भीतर असीम संभावनाएं लेकर जन्म लेता है। द पॉली किड्स परिवार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार और आधुनिक शिक्षण प्रणाली के माध्यम से समाज को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और ‘सर्कल ऑफ टॉडलर्स’ उसी संकल्प का विस्तार है।

