बिग ब्रेकिंग: BRO भ्रष्टाचार मामले में CBI का देशव्यापी शिकंजा, उत्तराखंड समेत 11 राज्यों में छापेमारी

BRO भ्रष्टाचार मामले में CBI का देशव्यापी शिकंजा, उत्तराखंड समेत 11 राज्यों में छापेमारी

  • उत्तराखंड के पांच जिलों में भी दबिश, रक्षा मंत्रालय की शिकायत पर दर्ज चार FIR के बाद तेज हुई जांच

देहरादून। सीमा सड़क संगठन (BRO) से जुड़े कथित करोड़ों रुपये के वित्तीय गड़बड़ी और भ्रष्टाचार मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए देशभर में 11 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के 26 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।

उत्तराखंड में देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़ और मुनस्यारी समेत कई स्थानों पर सीबीआई की टीमों ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से कार्रवाई की।

सीबीआई के अनुसार यह कार्रवाई रक्षा मंत्रालय की शिकायत और बीआरओ के तकनीकी अधिकारियों की आंतरिक जांच के आधार पर दर्ज चार आपराधिक मामलों (FIR) के सिलसिले में की गई।

जांच का संबंध लद्दाख स्थित प्रोजेक्ट विजयक और प्रोजेक्ट योजक में कैजुअल मजदूरों की तैनाती और फर्जी मजदूरों के नाम पर सरकारी धन के कथित गबन से है।

जांच एजेंसी ने बताया कि इन मामलों में सरकारी धन के दुरुपयोग, धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक विश्वासघात, आपराधिक साजिश, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत रिश्वतखोरी और आपराधिक कदाचार के आरोप शामिल हैं।

दर्ज एफआईआर में लेफ्टिनेंट कर्नल, मेजर और इंजीनियर रैंक के कुल 10 अधिकारियों के साथ कुछ निजी व्यक्तियों को भी नामजद किया गया है।

छापेमारी के दौरान सीबीआई ने निर्माण कार्यों से जुड़े दस्तावेज, वित्तीय रिकॉर्ड, डिजिटल उपकरण और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य अपने कब्जे में लिए हैं।

एजेंसी का कहना है कि बरामद दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है। सीबीआई ने कहा कि वह इस पूरे प्रकरण की व्यापक, निष्पक्ष और शीघ्र जांच के लिए प्रतिबद्ध है।