बिग ब्रेकिंग: मुहर्रम जुलूस पर हाईकोर्ट की सख्ती, ताजियों की ऊंचाई 15 फीट तक सीमित रखने के निर्देश

मुहर्रम जुलूस पर हाईकोर्ट की सख्ती, ताजियों की ऊंचाई 15 फीट तक सीमित रखने के निर्देश

  • जसपुर में संपत्ति क्षति की याचिका पर आदेश, प्रशासन ने पुलिस और नगर पालिका को दिए अनुपालन के निर्देश

रुद्रपुर। मुहर्रम के अवसर पर निकाले जाने वाले ताजियों को लेकर उत्तराखंड हाईकोर्ट के एक महत्वपूर्ण आदेश के बाद ऊधमसिंह नगर जिले के जसपुर क्षेत्र में प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।

हाईकोर्ट ने निर्देश दिए हैं कि मुहर्रम के दौरान निकाले जाने वाले ताजियों की ऊंचाई 15 फीट से अधिक नहीं होगी और जुलूस के दौरान किसी भी सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा। आदेश के अनुपालन में प्रशासन ने नगर पालिका और पुलिस विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

जसपुर निवासी मोहित गर्ग द्वारा दायर याचिका में कहा गया था कि वर्ष 2024 में मुहर्रम के दौरान निकाले गए ऊंचे ताजियों के कारण उनके मकान के छज्जे और अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंचा था।

याचिका में यह भी उल्लेख किया गया कि जुलूस के दौरान लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से स्थानीय लोगों और व्यापारियों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था।

मामले की सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने प्रशासन को निर्देश दिया कि ताजियों की ऊंचाई 15 फीट से अधिक न होने दी जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि जुलूस के दौरान किसी भी व्यक्ति की निजी अथवा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान न पहुंचे।

याचिकाकर्ता मोहित गर्ग ने कहा कि उन्हें किसी भी समुदाय या धार्मिक आयोजन से कोई आपत्ति नहीं है। उनका उद्देश्य केवल अपनी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना था। उन्होंने न्यायालय के आदेश का स्वागत करते हुए कहा कि इससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने में मदद मिलेगी।

उपजिलाधिकारी जसपुर राहुल शाह ने बताया कि हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक आदेश जारी कर दिए गए हैं। नगर पालिका और पुलिस विभाग को निर्देशित किया गया है कि ताजियों की ऊंचाई निर्धारित सीमा के भीतर रहे तथा जुलूस मार्ग पर किसी भी प्रकार की क्षति न होने दी जाए।

उन्होंने बताया कि याचिकाकर्ता के भवन के आसपास आवश्यक पुलिस बल और नगर पालिका कर्मियों की तैनाती की जाएगी। साथ ही जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि मुहर्रम का आयोजन शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।