पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस का ‘छात्रों की गूंज’ अभियान शुरू, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
देहरादून। नीट (NEET) पेपर लीक और देशभर में सामने आए परीक्षा घोटालों को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा तेज कर दिया है।
कांग्रेस की राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन ने देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में केंद्र सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक और परीक्षा घोटालों के मामलों में जवाबदेही तय होने तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।
देहरादून में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान रंजीत रंजन ने कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘छात्रों की गूंज’ की शुरुआत की घोषणा की।
उन्होंने बताया कि 40 दिनों तक चलने वाले इस अभियान के तहत देश के 28 प्रमुख शहरों में छात्रों, प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों, कोचिंग संस्थानों, कॉलेज परिसरों और पुस्तकालयों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुना जाएगा और उन्हें राष्ट्रीय मंच पर उठाया जाएगा।
रंजीत रंजन ने कहा कि यह केवल राजनीतिक अभियान नहीं, बल्कि उन लाखों युवाओं की आवाज है जिनकी मेहनत पेपर लीक, परीक्षा रद्द होने, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और प्रशासनिक लापरवाही की वजह से प्रभावित हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) को पारदर्शी परीक्षा प्रणाली के नाम पर स्थापित किया गया था, लेकिन आज यह संस्था छात्रों के बीच अविश्वास का प्रतीक बन चुकी है।
कांग्रेस सांसद ने दावा किया कि पिछले कुछ वर्षों में देशभर में 89 से अधिक पेपर लीक और परीक्षा घोटालों के मामले सामने आए हैं, लेकिन अब तक किसी बड़े मास्टरमाइंड या पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश नहीं हो पाया है।
उन्होंने कहा कि कार्रवाई केवल छोटे स्तर के लोगों तक सीमित रही, जबकि असली दोषी अब भी कानून की पकड़ से बाहर हैं।
नीट परीक्षा विवाद का उल्लेख करते हुए रंजीत रंजन ने कहा कि लाखों छात्रों ने वर्षों की मेहनत और उनके परिवारों ने अपनी जमा पूंजी उनकी पढ़ाई पर खर्च की, लेकिन परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं ने उनके सपनों को गहरा आघात पहुंचाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
इस दौरान उन्होंने देहरादून की नीट अभ्यर्थी रिया थापा की आत्महत्या का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि ऐसे मामले परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं।
कार्यक्रम में रिया थापा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। इस मौके पर नीट परीक्षा में शामिल कुछ छात्रों ने भी अपने अनुभव और चिंताएं साझा कीं।
कांग्रेस ने इस अवसर पर केंद्र सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें भी रखीं। पार्टी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, पेपर लीक नेटवर्क की निष्पक्ष जांच, एनटीए और परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार तथा परीक्षा एवं भर्ती प्रक्रियाओं के लिए तय वार्षिक कैलेंडर लागू करने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान से जुड़ने के लिए छात्रों और अभ्यर्थियों के लिए 9873036161 मिस्ड कॉल नंबर जारी किया गया है। साथ ही अभियान की वेबसाइट पर पंजीकरण कर अपनी समस्याएं और सुझाव साझा करने की अपील की गई है।
कांग्रेस के इस अभियान से साफ संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले दिनों में पेपर लीक, परीक्षा घोटालों और युवाओं के रोजगार से जुड़े मुद्दे राष्ट्रीय राजनीति में प्रमुखता से उठाए जाएंगे।
पार्टी ने कहा है कि छात्रों के हितों और शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित कराने के लिए उसका आंदोलन लगातार जारी रहेगा।

