‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प और 2027 की तैयारी, उत्तराखंड में नितिन नवीन का बड़ा संदेश
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे के अंतिम दिन संगठन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई बूथ पर विशेष फोकस करते हुए कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर आगामी विधानसभा चुनावों के लिए स्पष्ट रणनीतिक संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि भाजपा की चुनावी सफलता का सबसे मजबूत आधार बूथ स्तर पर सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता हैं। यदि बूथ मजबूत होगा तो संगठन मजबूत होगा और संगठन मजबूत होगा तो चुनावी सफलता भी सुनिश्चित होगी।
शनिवार को अपने कार्यक्रमों की शुरुआत उन्होंने देहरादून स्थित टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ की। इस दौरान उन्होंने भगवान शिव से देश, प्रदेश और समाज की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में उन्होंने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का अभिवादन भी स्वीकार किया।
पूजा-अर्चना के बाद नितिन नवीन सीधे संगठनात्मक कार्यक्रमों में जुट गए। सबसे पहले वे गढ़ी कैंट स्थित टपकेश्वर कॉलोनी के बूथ संख्या 140 पहुंचे, जहां बूथ अध्यक्ष किशोर कुमार के आवास पर उनका स्वागत किया गया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट तथा प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार भी मौजूद रहे।
बूथ अध्यक्ष के घर आयोजित जलपान कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ अनौपचारिक चर्चा की और क्षेत्र की राजनीतिक परिस्थितियों, जनता की अपेक्षाओं, केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभाव तथा संगठन की गतिविधियों को लेकर विस्तृत फीडबैक प्राप्त किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो हर परिस्थिति में जनता के बीच रहकर पार्टी की नीतियों और योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम करते हैं।
इसके बाद नितिन नवीन डाकरा बाजार स्थित बूथ संख्या 138 पहुंचे, जहां बूथ अध्यक्ष राजेश कुमार भंडारी के आवास पर बूथ समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से विस्तार से चर्चा करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से “बूथ जीता तो चुनाव जीता” के मंत्र को आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को केवल चुनावी समय में ही नहीं, बल्कि पूरे वर्ष जनता के बीच सक्रिय रहना चाहिए।
केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने स्थानीय मुद्दों, जनभावनाओं और राजनीतिक परिस्थितियों पर निरंतर नजर बनाए रखने की भी सलाह दी।
अपने दौरे के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने “विकसित भारत 2047 : ट्रांसफॉर्मेटिव रोल ऑफ हायर एजुकेशन” विषय पर आयोजित एक अकादमिक कॉन्क्लेव में भी हिस्सा लिया।
शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 का सपना अब केवल सरकार का नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का संकल्प बन चुका है। उन्होंने अपनी जन्मभूमि बिहार को ज्ञान की भूमि और उत्तराखंड को ज्ञान एवं अध्यात्म का अद्भुत संगम बताया।
दौरे के दौरान नितिन नवीन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और राज्य सरकार के कार्यों की खुलकर सराहना करते नजर आए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की सही दिशा में आगे बढ़ रहा है और राज्य सरकार के कई निर्णयों ने पूरे देश का ध्यान आकर्षित किया है।
उन्होंने विशेष रूप से समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लागू करने के फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि मातृशक्ति के सम्मान, महिला अधिकारों और सामाजिक समानता की दिशा में उत्तराखंड ने देश को नई दिशा दिखाई है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने साहसिक नेतृत्व का परिचय देते हुए ऐसे निर्णय लिए हैं, जो भविष्य में पूरे देश के लिए मॉडल साबित हो सकते हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने चारधाम यात्रा के सफल संचालन, आधारभूत संरचना के विकास, पर्यटन विस्तार और जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में सुशासन और विकास का जो मॉडल तैयार हो रहा है, वह जनता के बीच भाजपा के प्रति विश्वास को और मजबूत कर रहा है।
नितिन नवीन ने विश्वास जताया कि गंगा मैया के आशीर्वाद और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाने में सफल होगी।
राजनीतिक दृष्टि से राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अपने तीन दिवसीय प्रवास के दौरान उन्होंने प्रदेश कोर कमेटी, सांसदों, विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों, जिला पंचायत अध्यक्षों, महापौरों, नगर पालिका अध्यक्षों, युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं तथा संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों के साथ व्यापक संवाद किया।
दौरे के समापन पर उन्होंने संगठन को स्पष्ट संदेश दिया कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा को बूथ स्तर तक अपनी सक्रियता बढ़ानी होगी।
साथ ही सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने पर विशेष जोर देना होगा। भाजपा नेतृत्व के इस संदेश को 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों की औपचारिक शुरुआत के रूप में भी देखा जा रहा है।
