वीडियो: हरियाणा से आया युवक देहरादून में बना मुसीबत। पुलिस को दिखाया चाकू, अब गिरफ्तार

हरियाणा से आया युवक देहरादून में बना मुसीबत। पुलिस को दिखाया चाकू, अब गिरफ्तार

देहरादून। राजधानी देहरादून के जाखन क्षेत्र में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हरियाणा से आए एक युवक ने अपनी कार बीच सड़क पर खड़ी कर दी।

व्यस्त सड़क पर वाहन खड़ा होने से कुछ ही मिनटों में लंबा जाम लग गया और राहगीरों के साथ स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

देखें वीडियो:-

सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन युवक ने वाहन हटाने के बजाय पुलिसकर्मियों से ही उलझना शुरू कर दिया।

इतना ही नहीं, उसने चाकू निकालकर पुलिस को डराने और हमला करने की कोशिश की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान हरियाणा के भिवानी निवासी विनय के रूप में हुई है। वह हुंडई वरना कार संख्या HR 16AC 7177 से देहरादून आया था।

बताया जा रहा है कि युवक ने जाखन क्षेत्र के जोहड़ी तिराहे पर अचानक अपनी कार सड़क के बीचोंबीच रोक दी, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ट्रैफिक कर्मियों ने जब उससे कार हटाने को कहा तो वह आक्रामक हो गया और अभद्र व्यवहार करने लगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक काफी उत्तेजित दिखाई दे रहा था। इसी दौरान उसने अपने पास रखा सब्जी काटने वाला चाकू निकाल लिया और पुलिसकर्मियों को धमकाने लगा। अचानक चाकू निकलने से मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

स्थिति बिगड़ती देख जाखन चौकी से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। काफी देर तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद करीब छह पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर आरोपी को काबू में लिया और हिरासत में ले लिया।

घटना के दौरान सड़क पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। पुलिस को कुछ समय के लिए ट्रैफिक डायवर्ट करना पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक पुलिस से बहस करता और हाथ में चाकू लिए नजर आ रहा है।

oपुलिस ने आरोपी का एल्कोमीटर टेस्ट कराया, जिसमें उसके नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए उसकी कार को सीज कर दिया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ शांति भंग, सरकारी कार्य में बाधा और धमकी देने समेत अन्य धाराओं में भी कार्रवाई की जा रही है।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी की पत्नी हाल ही में देहरादून के रायपुर स्थित अपने मायके आई हुई थी। विनय भी अपनी ससुराल पहुंचा था।

पूछताछ में उसकी पत्नी ने पुलिस को बताया कि विनय वर्ष 2021 से मानसिक तनाव और डिप्रेशन से गुजर रहा है तथा दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। साथ ही युवक की मानसिक स्थिति और चिकित्सकीय रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।