बिग ब्रेकिंग: उत्तराखंड के तीन निकायों में चुनावी बिगुल, आचार संहिता लागू

उत्तराखंड के तीन निकायों में चुनावी बिगुल, आचार संहिता लागू

देहरादून। Uttarakhand राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के तीन जिलों Tehri Garhwal, Udham Singh Nagar और Champawat में निकाय चुनाव को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना जारी होने के साथ ही संबंधित निकाय क्षेत्रों में मतगणना समाप्ति तक आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है।

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार Narendranagar नगर पालिका परिषद, Garhinegi नगर पंचायत और Pati नगर पंचायत में अध्यक्ष और सदस्यों के पदों पर चुनाव कराया जाएगा।

दरअसल, जुलाई 2025 में उत्तराखंड में निकाय चुनाव संपन्न हुए थे, लेकिन नरेंद्रनगर नगर पालिका परिषद में आरक्षण और परिसीमन की जानकारी शहरी विकास विभाग से समय पर प्राप्त नहीं हो पाने के कारण वहां चुनाव नहीं हो सका था।

अब राज्य निर्वाचन आयोग को संबंधित जानकारी प्राप्त होने के बाद चुनाव प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नरेंद्रनगर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद को अनारक्षित रखा गया है। यहां अध्यक्ष पद के साथ सात सदस्यों का चुनाव होगा।

वहीं उधम सिंह नगर जिले के गढ़ीनेगी क्षेत्र को हाल ही में नगर पंचायत घोषित किया गया है। ऐसे में यहां पहली बार निकाय चुनाव कराया जाएगा। गढ़ीनेगी नगर पंचायत में अध्यक्ष पद सहित सात सदस्यों के पदों पर चुनाव होंगे। यहां अध्यक्ष पद अनारक्षित रखा गया है।

इसी प्रकार चंपावत जिले के पाटी क्षेत्र को भी हाल ही में नगर पंचायत का दर्जा मिला है। यहां पहली बार नगर पंचायत चुनाव होंगे। पाटी नगर पंचायत में अध्यक्ष पद और चार सदस्यों के लिए चुनाव कराया जाएगा। पाटी नगर पंचायत का अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है।

कुल 10 हजार 251 मतदाता करेंगे मतदान

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार तीनों निकायों में कुल 18 वार्ड बनाए गए हैं। इन वार्डों के लिए 19 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। तीनों निकायों में कुल 10 हजार 251 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 5 हजार 405 पुरुष और 4 हजार 846 महिला मतदाता शामिल हैं।

नरेंद्रनगर नगर पालिका परिषद

  • कुल वार्ड: 7
  • मतदान केंद्र: 8
  • कुल मतदाता: 3596
  • पुरुष मतदाता: 1973
  • महिला मतदाता: 1623

गढ़ीनेगी नगर पंचायत

  • कुल वार्ड: 7
  • मतदान केंद्र: 7
  • कुल मतदाता: 4671
  • पुरुष मतदाता: 2378
  • महिला मतदाता: 2293

पाटी नगर पंचायत

  • कुल वार्ड: 4
  • मतदान केंद्र: 4
  • कुल मतदाता: 1984
  • पुरुष मतदाता: 1054
  • महिला मतदाता: 930

चुनावी खर्च की सीमा भी तय

राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के लिए व्यय सीमा भी निर्धारित कर दी है।

  • नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद: 6 लाख रुपये
  • नगर पालिका परिषद सदस्य पद: 80 हजार रुपये
  • नगर पंचायत अध्यक्ष पद: 3 लाख रुपये
  • नगर पंचायत सदस्य पद: 50 हजार रुपये

चुनाव कार्यक्रम घोषित

  • 27 और 29 मई 2026: नाम निर्देशन पत्र जमा किए जाएंगे
  • 30 मई 2026: नामांकन पत्रों की जांच होगी
  • 31 मई 2026: नाम वापसी की प्रक्रिया
  • 1 जून 2026: चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे
  • 9 जून 2026: मतदान होगा
  • 11 जून 2026: मतगणना की जाएगी

निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। पहली बार चुनाव कराने जा रहे गढ़ीनेगी और पाटी नगर पंचायत क्षेत्रों में चुनाव को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है, जबकि नरेंद्रनगर में लंबे इंतजार के बाद चुनावी माहौल गर्माने लगा है।