पेट्रोल-डीजल फिर महंगा। 11 दिनों में चौथी बढ़ोतरी, उत्तराखंड में पेट्रोल ₹100 के पार
नई दिल्ली। महंगाई की मार झेल रही आम जनता को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार चौथी बार बढ़ोतरी की गई है।
तेल कंपनियों ने 25 मई सुबह 6 बजे से नई दरें लागू कर दी हैं। बीते 11 दिनों में पेट्रोल ₹7.40 प्रति लीटर और डीजल ₹7.52 प्रति लीटर तक महंगा हो चुका है।
उत्तराखंड में पेट्रोल की कीमतें ₹100 प्रति लीटर के पार पहुंच गई हैं। तेल कंपनियों ने आज पेट्रोल पर ₹2.61 प्रति लीटर और डीजल पर ₹2.71 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। लगातार बढ़ते दामों का असर अब आम लोगों की जेब पर साफ दिखाई देने लगा है।
देहरादून, हरिद्वार और हल्द्वानी जैसे शहरों में टैक्सी और प्राइवेट वाहन संचालकों ने किराए बढ़ाने शुरू कर दिए हैं। वहीं हरिद्वार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए भैंसा-बुग्गी पर बाइक और गैस सिलेंडर रखकर प्रदर्शन किया।
प्रमुख शहरों में पेट्रोल के नए दाम
- दिल्ली – ₹102.12 प्रति लीटर (+₹2.61)
- कोलकाता – ₹113.51 प्रति लीटर (+₹2.87)
- मुंबई – ₹111.21 प्रति लीटर (+₹2.72)
- चेन्नई – ₹107.77 प्रति लीटर (+₹2.46)
डीजल के नए दाम
- दिल्ली – ₹95.20 प्रति लीटर (+₹2.71)
- कोलकाता – ₹99.82 प्रति लीटर (+₹2.80)
- मुंबई – ₹97.83 प्रति लीटर (+₹2.81)
- चेन्नई – ₹99.55 प्रति लीटर (+₹2.57)
महंगाई बढ़ने की आशंका
विशेषज्ञों का मानना है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि का सीधा असर परिवहन लागत पर पड़ेगा। इससे सब्जियों, दूध, राशन और अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतों में भी तेजी आ सकती है।
ईंधन के दाम बढ़ने से सबसे ज्यादा परेशानी मध्यम वर्ग, रोजाना सफर करने वाले लोगों और परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों को हो रही है। चारधाम यात्रा सीजन के बीच उत्तराखंड में बढ़े किराए यात्रियों और पर्यटकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल सकते हैं।

