वीडियो: ऋषिकेश में युवती से छेड़छाड़ पर बवाल, भीड़ ने हरियाणा के दो युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

ऋषिकेश में युवती से छेड़छाड़ पर बवाल, भीड़ ने हरियाणा के दो युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

देहरादून। तीर्थनगरी ऋषिकेश में पर्यटन और धार्मिक यात्रा के नाम पर पहुंचे कुछ असामाजिक तत्वों की शर्मनाक हरकत सामने आई है।

हरियाणा से आए दो युवकों पर राह चलती एक युवती से छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और भीड़ ने दोनों युवकों को कार से बाहर खींचकर जमकर पीटा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवकों ने सड़क पर जा रही युवती पर अभद्र टिप्पणी की और छेड़छाड़ की कोशिश की। युवती के विरोध करने के बावजूद आरोपी नहीं माने। इसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को पकड़ लिया।

बताया जा रहा है कि आरोपी एचआर08एएल9398 नंबर की वेन्यू कार में सवार थे। गुस्साई भीड़ ने दोनों युवकों के कपड़े फाड़ दिए और उन्हें सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान उनकी कार में भी तोड़फोड़ की गई। कार से शराब की बोतल मिलने की बात भी सामने आई है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस ने उनका मेडिकल कराने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।