SGRRU में राष्ट्रीय योग कार्यशाला एवं सेमिनार आयोजित, 800 प्रतिभागियों ने किया सहभाग
देहरादून। Shri Guru Ram Rai University में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के प्रचार अभियान के तहत “100 दिवस में 100 शहरों में” कार्यक्रम श्रृंखला के अंतर्गत राष्ट्रीय योग कार्यशाला सह सेमिनार का आयोजन किया गया।
विश्वविद्यालय के पथरी बाग स्थित हैलीपैड ग्राउंड में आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 800 छात्र-छात्राओं, शोधार्थियों, संकाय सदस्यों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम को उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री Bhuvan Chandra Khanduri के राजकीय शोक को ध्यान में रखते हुए श्रद्धांजलि कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया गया।
सभी प्रतिभागियों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा योगाभ्यास का पूर्ण फल उनके प्रति समर्पित किया। इस अवसर पर उनके आदर्शों और संकल्पों को जीवन में अपनाने का संकल्प भी लिया गया।
कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय योग प्रोटोकॉल का सामूहिक अभ्यास कराया गया। प्राकृतिक वातावरण में हुए योगाभ्यास ने प्रतिभागियों को ऊर्जावान अनुभव प्रदान किया।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं बल्कि मानवीय और जीवन मूल्यों के संरक्षण का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी को नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया।
राष्ट्रीय सेमिनार का उद्घाटन विश्वविद्यालय के पथरी बाग परिसर स्थित ऑडिटोरियम में हुआ। सेमिनार की शुरुआत स्वर्गीय भुवन चंद्र खंडूरी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई।
मुख्य वक्ता डॉ. सुनील कुमार जोशी ने मर्म चिकित्सा और योग के समन्वय पर विस्तृत व्याख्यान दिया। उन्होंने जनकल्याण के उद्देश्य से विश्वविद्यालय में मर्म चिकित्सा चिकित्सालय स्थापित करने का भी अनुरोध किया।
सेमिनार में भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. रामनारायण मिश्र ने मानसिक शुद्धि में योग की भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं ऑनलाइन माध्यम से जुड़े Barkatullah University के डीन डॉ. मनोज शर्मा ने “योग एवं मानसिक स्वास्थ्य” विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया।
विश्वविद्यालय के कुलपति ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा पद्धति के साथ-साथ वैकल्पिक चिकित्सा पद्धतियां भी स्वास्थ्य संरक्षण और उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम के संयोजक एवं योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा संकायाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) ओम नारायण तिवारी तथा आयोजक सचिव एवं विभागाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र प्रसाद रयाल ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह और तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय के प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज ने अपना आशीर्वाद देते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में कुलसचिव, संकायाध्यक्ष, खेल अधिकारी, एनसीसी अधिकारी, एनसीसी वालंटियर्स, शोधार्थी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय ने कार्यक्रम के प्रायोजन हेतु आयुष मंत्रालय का आभार व्यक्त किया।

