रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा गया JE, विजिलेंस की कार्रवाई से मचा हड़कंप
देहरादून। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऋषिकेश में तैनात एक जूनियर इंजीनियर (JE) को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर टेंडर कार्य के भुगतान के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। कार्रवाई के बाद सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने पशुलोक बैराज, ऋषिकेश में एक सरकारी टेंडर का कार्य किया था।
आरोप है कि यूजेवीएनएल में तैनात जूनियर इंजीनियर फैसल खान भुगतान जारी करने के एवज में लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था।
शिकायत की गोपनीय जांच के बाद मामला सही पाए जाने पर सतर्कता अधिष्ठान देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान के निर्देशन में विशेष ट्रैप टीम गठित की गई।
बुधवार 21 मई 2026 को विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी फैसल खान को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान फैसल खान पुत्र लियाकत हुसैन निवासी कटोराताल, थाना काशीपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि विजिलेंस टीम काफी समय से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। जैसे ही रिश्वत की रकम का लेनदेन हुआ, टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सतर्कता अधिष्ठान अब यह भी जांच कर रहा है कि आरोपी पहले भी ठेकेदारों या अन्य लोगों से अवैध वसूली करता रहा है या नहीं।
इधर, सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने प्रदेशवासियों से भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगता है तो उसकी शिकायत सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 और व्हाट्सएप नंबर 9456592300 पर की जा सकती है। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

