नैनीताल में मातम, हरिद्वार में बाघ कांड, देहरादून में हत्या का खुलासा, और….
देहरादून। उत्तराखंड में गुरुवार को हादसों, अपराध और वन्यजीव सुरक्षा से जुड़ी कई बड़ी घटनाओं ने प्रशासनिक तंत्र को झकझोर दिया।
नैनीताल में दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि हरिद्वार में दो बाघों की मौत के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
उधर देहरादून में चर्चित अजय बटेजा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए कुख्यात शार्प शूटर को गिरफ्तार किया है। वहीं पैनेसिया अस्पताल अग्निकांड में अस्पताल प्रशासन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
नैनीताल हादसे में पांच पर्यटकों की मौत
नैनीताल के भवालीगांव बाईपास के पास गुरुवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। कैंची धाम क्षेत्र के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में पिता, मां, बेटा, बेटी और चालक शामिल हैं। सभी लोग मूल रूप से खटीमा के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो वर्तमान में लखनऊ में रह रहे थे और नैनीताल घूमने आए थे। सूचना मिलने पर पुलिस और SDRF की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर शवों को बाहर निकाला।
दो बाघों की मौत पर वन विभाग सख्त
हरिद्वार वन प्रभाग की श्यामपुर रेंज में दो बाघों की मौत के मामले में वन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में तीन और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब तक कुल चार आरोपी पकड़े जा चुके हैं, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाघिन द्वारा भैंस का शिकार किए जाने के बाद आरोपियों ने जहरीला पदार्थ डालकर बाघों को मार दिया। इसके बाद उनके अंग काटकर बेचने की तैयारी की जा रही थी।
वन मंत्री सुबोध उनियाल ने घटनास्थल का दौरा कर दोषियों और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
संबंधित रेंजर, फॉरेस्टर और फॉरेस्ट गार्ड से जवाब मांगा गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी (NTCA) की टीम भी उत्तराखंड पहुंच सकती है।
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में हाई अलर्ट
हरिद्वार में बाघों की मौत के बाद कॉर्बेट टाइगर रिजर्व प्रशासन भी अलर्ट मोड पर आ गया है। सीमावर्ती इलाकों में विशेष निगरानी, लॉन्ग रेंज पेट्रोलिंग और रात्री गश्त बढ़ा दी गई है।
स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) और स्थानीय इंटेलिजेंस नेटवर्क को सक्रिय कर दिया गया है। अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियों पर भी रोक लगा दी गई है।
अजय बटेजा हत्याकांड का खुलासा
देहरादून के जाखन क्षेत्र में एक साल पहले हुए अजय बटेजा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात शार्प शूटर रजत उर्फ जैकी को गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आया कि प्रॉपर्टी विवाद के चलते मृतक के सौतेले भाई अमित बटेजा ने सुपारी देकर हत्या करवाई थी। आरोपी ने अपनी प्रेमिका और साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
पैनेसिया अस्पताल अग्निकांड में मुकदमा
देहरादून स्थित पैनेसिया अस्पताल में हुए अग्निकांड के बाद अस्पताल प्रशासन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। ICU में लगी आग में भर्ती महिला वीरवती की मौत हो गई थी।
परिजनों ने अस्पताल पर गंभीर लापरवाही, फायर सेफ्टी व्यवस्था की कमी और मरीजों से अधिक वसूली के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रेमनगर में भीषण सड़क हादसा
देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में तेज रफ्तार कार और बाइक की भिड़ंत में एक PRD जवान और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

