बिग ब्रेकिंग: आर्मी टेंडर घोटाले में कर्नल हिमांशु बाली गिरफ्तार

आर्मी टेंडर घोटाले में कर्नल हिमांशु बाली गिरफ्तार

देहरादून। कोलकाता स्थित फोर्ट विलियम में पूर्वी कमान की आर्मी ऑर्डनेंस कोर में तैनात कर्नल हिमांशु बाली को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। उन पर कानपुर की निजी कंपनी मेसर्स ईस्टर्न ग्लोबल लिमिटेड को सेना का टेंडर दिलाने के बदले 50 लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।

सीबीआई द्वारा दर्ज प्राथमिकी में कंपनी संचालक अक्षत अग्रवाल, उसके पिता मयंक अग्रवाल, सहयोगी आशुतोष शुक्ला और नरेश पाल समेत कई अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। जांच एजेंसी के अनुसार, यह पूरा मामला सैन्य खरीद प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार और अवैध आर्थिक लेनदेन से जुड़ा हुआ है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 22 अप्रैल को अक्षत अग्रवाल और कर्नल हिमांशु बाली के बीच कोलकाता में मुलाकात हुई थी। इसके दो दिन बाद, 24 अप्रैल को संबंधित कंपनी को सेना का टेंडर प्रदान कर दिया गया।

सीबीआई का आरोप है कि टेंडर दिलाने के एवज में मांगी गई रिश्वत की राशि हवाला नेटवर्क के माध्यम से दिल्ली पहुंचाई जानी थी।

जांच एजेंसी ने समय रहते कार्रवाई करते हुए कथित रिश्वत नेटवर्क का भंडाफोड़ किया। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

सीबीआई अब वित्तीय लेनदेन, हवाला कनेक्शन और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की गहन जांच कर रही है।

इस कार्रवाई को सेना की खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं, मामले के सामने आने के बाद सैन्य और प्रशासनिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है।