रुद्रपुर में महिला दुकानदार से छेड़छाड़, मारपीट और लूट। “ऑपरेशन प्रहार” में गौ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़
रुद्रपुर। जिले के रुद्रपुर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली दो बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। एक ओर ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में महिला दुकानदार के साथ छेड़छाड़, मारपीट और लूट का गंभीर मामला दर्ज हुआ है।
वहीं दूसरी ओर पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गौ तस्करी के संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है।
पहली घटना में महिला दुकानदार ने कुछ युवकों पर लगातार पीछा करने, मोबाइल नंबर मांगने, अभद्रता करने और अंततः दुकान में घुसकर मारपीट व लूटपाट करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता के अनुसार, एक युवक कई दिनों से कार से उनका पीछा कर रहा था और जबरन संपर्क बनाने का दबाव बना रहा था। 24 अप्रैल की शाम को आरोपी अपने चार साथियों के साथ दुकान में घुस आए और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर महिला के सहयोगी के साथ मारपीट की गई।
आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने तमंचा निकालकर जान से मारने की धमकी दी, जिससे दुकान में दहशत का माहौल बन गया।
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी जाते-जाते दुकान के गल्ले से करीब 8000 रुपये भी ले गए और दोबारा आने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़िता ने डायल 112 पर सूचना दी और अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
मामले में ट्रांजिट कैंप थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि सुमित गुप्ता, योगेश कुमार समेत चार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
गौ तस्करी पर बड़ी कार्रवाई
वहीं, जिले में पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत गौ तस्करी और गौकशी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांस और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है।
प्रारंभिक जांच में यह एक संगठित गिरोह की गतिविधि सामने आई है, जो लंबे समय से अवैध कार्यों में लिप्त था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान के तहत आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे अपराधों में शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

