जांच में क्लीन चिट, फिर भी आरोपों की बौछार। गैस एजेंसी संचालक चमनलाल परेशान

जांच में क्लीन चिट, फिर भी आरोपों की बौछार। गैस एजेंसी संचालक चमनलाल परेशान

देहरादून। दिलाराम चौक स्थित इंडियन गैस एजेंसी के संचालक चमनलाल इन दिनों एक व्यक्ति द्वारा लगाए जा रहे आरोपों और शिकायतों के चलते मानसिक रूप से परेशान बताए जा रहे हैं। मामले ने अब प्रशासनिक स्तर पर भी ध्यान खींच लिया है।

जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति द्वारा चमनलाल के खिलाफ गैस सिलेंडर की कालाबाजारी जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम द्वारा संबंधित गैस एजेंसी पर छापा भी मारा गया।

हालांकि, जांच के दौरान एजेंसी में किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि या अनियमितता नहीं पाई गई। इसके बावजूद शिकायतकर्ता द्वारा लगातार आरोप लगाए जा रहे हैं, जिससे एजेंसी संचालक चमनलाल को मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, लगातार शिकायतों और आरोपों के चलते चमनलाल काफी तनाव में हैं। उनका कहना है कि बिना ठोस आधार के बार-बार शिकायतें कर उन्हें परेशान किया जा रहा है, जिससे उनकी सामाजिक और व्यावसायिक छवि भी प्रभावित हो रही है।

इस पूरे मामले में अब यह सवाल भी उठ रहा है कि यदि इस तरह के दबाव और मानसिक तनाव के कारण कोई अप्रिय घटना घटती है, तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी।
फिलहाल, मामला प्रशासन के संज्ञान में है और आगे की स्थिति पर सभी की नजर बनी हुई है।