रायपुर थाने में युवक की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप। 4 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिस हिरासत में बंद एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
पुलिस का दावा है कि युवक ने हवालात के भीतर आत्महत्या की, जबकि परिजनों ने इसे साजिश बताते हुए गंभीर सवाल खड़े किए हैं। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए ज्यूडिशियल/मजिस्ट्रेटी जांच कराई जाएगी। साथ ही जांच प्रभावित न हो, इसके लिए थानाध्यक्ष समेत 4 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
हिरासत में था युवक
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 45 वर्षीय सुनील रतूड़ी के रूप में हुई है, जो पीआरडी (प्रांतीय रक्षक दल) में तैनात था। पुलिस को इलाके में झगड़े की सूचना मिली थी, जिसके बाद उसे हिरासत में लिया गया। आरोप है कि वह पेट्रोल पंप पर नकली पिस्टल दिखाकर कर्मचारियों को धमका रहा था।
नशे और हंगामे के आरोप में हुई थी गिरफ्तारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक नशे की हालत में था और सार्वजनिक रूप से उपद्रव कर रहा था। इसी आधार पर पुलिस ने उसे ड्रिंक एंड ड्राइव और झगड़े के मामले में गिरफ्तार कर हवालात में बंद किया था।
हवालात में उठाया आत्मघाती कदम?
पुलिस के मुताबिक, हिरासत के दौरान युवक ने हवालात में रखे कंबल को फाड़कर उससे फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता चलते ही पुलिस में अफरा-तफरी मच गई और उच्च अधिकारियों को सूचना दी गई।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
दूसरी ओर, मृतक के परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। पत्नी और साली का आरोप है कि युवक के गले पर कोई स्पष्ट निशान नहीं हैं, जिससे आत्महत्या की बात संदिग्ध लगती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने घटना के बाद उन्हें गुमराह किया।
जांच के घेरे में पुलिस व्यवस्था
घटना के बाद हवालात की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में आ गई है। अधिकारी यह जांच कर रहे हैं कि कहीं सुरक्षा में कोई चूक तो नहीं हुई।
जांच जारी, सच्चाई का इंतजार
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मजिस्ट्रेटी जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं, परिजनों के आरोपों के मद्देनजर मामले ने संवेदनशील रूप ले लिया है।

