उत्तराखंड में धामी कैबिनेट का विस्तार आज, 5 नए मंत्री लेंगे शपथ
पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली उत्तराखंड सरकार आज अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करने जा रही है। देहरादून स्थित लोकभवन में पांच नए मंत्री शपथ लेंगे,
जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हालांकि, अब तक नए मंत्रियों के नामों का आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है।
साल 2022 के विधानसभा चुनाव के बाद से ही मंत्रिमंडल के कई पद खाली थे। शुरुआत में तीन पद रिक्त थे, लेकिन परिवहन मंत्री चंदन रामदास के निधन और बाद में वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद कुल पांच पद खाली हो गए थे।
लंबे समय से चल रही कवायद के बाद अब यह विस्तार ऐसे समय में हो रहा है, जब राज्य सरकार अपने कार्यकाल के चार साल पूरे करने वाली है।
साथ ही आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह कदम राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, नए मंत्रियों के चयन में क्षेत्रीय, जातीय संतुलन के साथ-साथ महिलाओं और युवाओं को प्राथमिकता दी जा सकती है।
इस विस्तार को संगठन और सरकार के बीच तालमेल मजबूत करने की दिशा में भी अहम कदम माना जा रहा है।



