क्राइम अपडेट:अपराध, हादसे और प्रशासनिक कार्रवाई! दुष्कर्म आरोपी गिरफ्तार, गैस एजेंसी पर मुकदमा, कार जली, नाले में मिला शव

क्राइम अपडेट:अपराध, हादसे और प्रशासनिक कार्रवाई! दुष्कर्म आरोपी गिरफ्तार, गैस एजेंसी पर मुकदमा, कार जली, नाले में मिला शव

देहरादून। उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों से अपराध, हादसे और प्रशासनिक कार्रवाई से जुड़ी कई घटनाएं सामने आई हैं। कहीं नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है,

तो कहीं गैस एजेंसी पर नियमों की अवहेलना के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं रुद्रपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में कार जलने और नाले में अज्ञात शव मिलने से हड़कंप मच गया, जबकि नैनीताल के मुक्तेश्वर में एक कॉटेज आग की भेंट चढ़ गया।

लक्सर में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार,

हरिद्वार जिले के लक्सर कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता के परिजनों ने आरोप लगाया कि टांडा भागमल भोगपुर निवासी आरोपी ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया। आरोप यह भी है,

कि इस दौरान आरोपी को उसके भाई और मां का भी सहयोग मिला और विरोध करने पर गाली-गलौज व धमकी दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी शुभम को तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना जारी है और अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

देहरादून में गैस एजेंसी पर प्रशासन की कार्रवाई,

देहरादून में एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने और होम डिलीवरी व्यवस्था लागू कराने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर क्यूआरटी टीमों का गठन कर गैस एजेंसियों का निरीक्षण कराया जा रहा है।

जांच के दौरान शहीद हीरा गैस एजेंसी, शिमला बाईपास रोड पर होम डिलीवरी के बजाय गोदाम से ही सिलेंडर वितरण करते पाए जाने पर प्रशासन ने कार्रवाई की।

एजेंसी के सिलेंडर जब्त कर लिए गए और आवश्यक वस्तु अधिनियम, आपदा प्रबंधन अधिनियम व भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में पटेल नगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्रशासन ने सभी एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि गैस सिलेंडर केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही उपलब्ध कराए जाएं और ओटीपी आधारित सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए।

रुद्रपुर में संदिग्ध हालात में कार जलकर राख,

उधम सिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र के पुलभट्टा थाना इलाके में घर के बाहर खड़ी एक कार अचानक आग की लपटों में घिर गई और देखते ही देखते पूरी तरह जलकर राख हो गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

बाद में दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। कार मालिक आरिफ ने इसे महज हादसा मानने से इनकार करते हुए पुरानी रंजिश के चलते आग लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच कर रही है।

रुद्रपुर में नाले से अज्ञात व्यक्ति का शव मिला,

रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में गोल मड़ैया के पास एक नाले में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने आसपास के लोगों से पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन अभी तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि गुमशुदगी के मामलों की भी जांच की जा रही है, ताकि शव की पहचान हो सके।

मुक्तेश्वर में कॉटेज में भीषण आग,

नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर के सालियाकोट गांव में एक कॉटेज में भीषण आग लगने से पूरा ढांचा जलकर खाक हो गया। आग की सूचना मिलने पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी के अनुसार आग दिल्ली निवासी अनीता सूद के कॉटेज में लगी थी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

राहत की बात यह रही कि घटना के समय कॉटेज में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। फिलहाल मामले की जांच जारी है।