कार लूटकर भाग रहे बदमाशों की टक्कर से सेवानिवृत्त इंजीनियर की मौत
हरिद्वार के मंगलौर क्षेत्र में शनिवार शाम कार लूटकर भाग रहे बदमाशों की टक्कर से स्कूटी सवार सेवानिवृत्त इंजीनियर की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी लूटी गई कार मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के नगला निवासी रोहित निजी कार बुकिंग का काम करता है। शनिवार शाम तीन युवकों ने रुड़की के मोहनपुरा क्षेत्र से हरियाणा जाने के लिए उसकी टाटा नेक्सॉन कार बुक की थी। बताया जा रहा है कि तीनों युवक शराब के नशे में थे।
जब कार मंगलौर क्षेत्र में गुड़ मंडी के पास पहुंची तो युवकों ने किसी बहाने से वाहन रुकवा लिया। जैसे ही कार रुकी, तीनों बदमाशों ने चालक रोहित को जबरन नीचे खींचकर सड़क पर गिरा दिया और कार लेकर फरार हो गए। चालक के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
इसी दौरान आरोपी तेज रफ्तार में कार लेकर भाग रहे थे। लिब्बरहेड़ी के पास उन्होंने एक स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार अनिल त्यागी (65) निवासी ग्राम कुहाहेड़ी, गुरुकुल नारसन की मौके पर ही मौत हो गई। अनिल त्यागी सिंचाई विभाग रुड़की से सेवानिवृत्त इंजीनियर थे।
टक्कर के बाद बदमाश घबराकर कार को सड़क पर ही छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन देर रात तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि दुर्घटना में सेवानिवृत्त इंजीनियर अनिल त्यागी की मौत हुई है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।



