रुद्रपुर में करोड़ों की NCERT किताबें बरामद, गोदाम पर छापा। फर्जी बिलिंग का शक
रुद्रपुर। उधम सिंह नगर के कीरतपुर क्षेत्र में प्रशासन, पुलिस और शिक्षा विभाग की संयुक्त कार्रवाई में करोड़ों रुपये की एनसीईआरटी (NCERT) की किताबों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ है।
टीम ने गोदाम में छापेमारी कर करीब 3 से 4 करोड़ रुपये कीमत की किताबें जब्त की हैं। साथ ही किताबों से लदा एक ट्रक भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कीरतपुर स्थित एक गोदाम से ट्रक के जरिए एनसीईआरटी की किताबें कहीं भेजी जा रही हैं।
सूचना मिलते ही कोतवाल मनोज रतूड़ी ने अपने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया, जिसके बाद प्रशासन और शिक्षा विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
रात में प्रशासनिक अधिकारी मौजूद नहीं होने के कारण तत्काल कार्रवाई नहीं की जा सकी, लेकिन पुलिस ने गोदाम पर निगरानी बनाए रखी।
अगले दिन सुबह तहसीलदार दिनेश कुटौला और जिला शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा की मौजूदगी में गोदाम का ताला तोड़कर जांच की गई। अंदर बड़ी मात्रा में एनसीईआरटी की किताबें और एक ट्रक में लदी किताबें मिलीं।
फर्जी बिलिंग की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोदाम में रखी किताबों की बिलिंग फर्जी हो सकती है। गोदाम में छापेमारी के दौरान कोई कर्मचारी मौजूद नहीं मिला, जिससे शक और गहरा गया है कि किताबों को अवैध रूप से कहीं भेजने की तैयारी की जा रही थी।
जिला शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा ने बताया कि किताबों के कुछ सैंपल जांच के लिए लिए गए हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि किताबें कहां से लाई गई थीं और इन्हें कहां भेजा जाना था।
सिर्फ तीन प्रिंटर्स को है अनुमति
शिक्षा विभाग के अनुसार राज्य सरकार ने एनसीईआरटी की किताबें छापने के लिए केवल तीन प्रिंटर्स को अधिकृत किया है—
- राज इंटरप्राइजेस
- दीपक प्रिंटर्स
- मथुरा स्थित आज तक प्रिंटर्स
इनके अलावा किसी अन्य संस्था या व्यक्ति को किताबें छापने की अनुमति नहीं है।
फिलहाल मामले की सूचना शिक्षा विभाग निदेशालय देहरादून और NCERT अधिकारियों को दे दी गई है। गोदाम को पुलिस सुरक्षा में रखा गया है और सोमवार को एनसीईआरटी की टीम के रुद्रपुर पहुंचने की उम्मीद है।




