बड़ा हादसा: तोल्यू डांडा के पास अनियंत्रित होकर पलटी GMOU बस, 4 यात्री घायल

तोल्यू डांडा के पास अनियंत्रित होकर पलटी GMOU बस, 4 यात्री घायल

पौड़ी। पौड़ी जिले के रिखणीखाल क्षेत्र में एक बस के अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट जाने से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बस में करीब 15 यात्री सवार थे।

हादसे में चार यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। बस कोटद्वार से तोल्यू डांडा की ओर जा रही थी, तभी रास्ते में दुर्घटना का शिकार हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन मौके पर पहुंच गए। घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। सभी घायल यात्रियों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

रिखणीखाल के तोल्यू डांडा के पास हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार गढ़वाल मोटर ओनर्स यूनियन लिमिटेड (GMOU) की बस संख्या UK 12 PB 0179 रिखणीखाल क्षेत्र में तोल्यू डांडा के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। बस में लगभग 15 यात्री सवार थे।

घटना की सूचना 112 के माध्यम से मिलते ही रिखणीखाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला।

प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजे गए घायल

घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार देने के बाद 108 एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि सभी यात्रियों को सामान्य चोटें आई हैं और उनकी स्थिति स्थिर है।

गनीमत रही कि बस सड़क के किनारे गहरी खाई की ओर नहीं पलटी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था, क्योंकि इस क्षेत्र की सड़क कई जगहों पर काफी खतरनाक है।

बस हादसे में घायल यात्रियों के नाम

  • सरला देवी पत्नी चंद्र मोहन सिंह (57 वर्ष), ग्राम उम्मेदु बाखल, तोल्यू डांडा, रिखणीखाल, पौड़ी
  • विद्या देवी पत्नी विक्रम सिंह (81 वर्ष), ग्राम उम्मेदु बाखल, तोल्यू डांडा, रिखणीखाल, पौड़ी
  • विमला देवी पत्नी मदन सिंह (60 वर्ष), ग्राम उम्मेदु बाखल, तोल्यू डांडा, रिखणीखाल, पौड़ी
  • शिल्पा देवी पत्नी विजय पाल (29 वर्ष), ग्राम उम्मेदु बाखल, तोल्यू डांडा, रिखणीखाल, पौड़ी

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

रिखणीखाल थाना प्रभारी अकरम अंसारी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी और राहत कार्य शुरू कर दिया गया। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया गया है। फिलहाल बस के अनियंत्रित होकर पलटने के कारणों की जांच की जा रही है।