देहरादून में दिनदहाड़े गोलीकांड, सीने में गोली लगने से 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत
देहरादून। राजधानी देहरादून के तिब्बती मार्केट क्षेत्र के पास बुधवार सुबह हुए सनसनीखेज गोलीकांड में मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है। अर्जुन शर्मा बसंत विहार के निवासी थे और एक गैस एजेंसी का संचालन करते थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अर्जुन शर्मा सुबह टेबल टेनिस खेलने के लिए क्षेत्र में आए थे। इसी दौरान उन पर गोली चलाई गई। गोली उनके सीने में लगी, जिसके बाद गंभीर हालत में उन्हें दून अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रॉपर्टी विवाद की चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, घटना के पीछे प्रॉपर्टी विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक तौर पर किसी कारण की पुष्टि नहीं की है। मामले की सभी एंगल से जांच की जा रही है।
मौके पर पहुंचे आईजी गढ़वाल
घटना की गंभीरता को देखते हुए आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप स्वयं मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से जानकारी ली। क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से शहर में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।



